राजनीति
जिलाधिकारी ने विकास भवन के कार्यालयों में हाजरी का किया औचक निरीक्षण
जनता दर्शन आयोजित कर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाय-जिलाधिकारी
प्रतापगढ़। जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने विकास भवन का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लिया। जिलाधिकारी पूर्वान्ह 10ः30 बजे से पूर्वान्ह 11बजे तक विभिन्न कार्यालयों की उपस्थिति पंजिकाओं को मंगवाकर सीडीओ कक्ष में गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान एक कर्मचारी अनुपस्थित पाया गया, जबकि शेष सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने कार्यालयों की समयबद्धता एवं अनुशासन पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि विकास भवन में कार्यरत समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी शासकीय कार्यों तथा सौंपे गए दायित्वों का भली-भांति निर्वहन कर रहे हैं। फाइलों के निस्तारण, योजनाओं के क्रियान्वयन एवं जनसामान्य से संबंधित मामलों में कार्य की प्रगति संतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पूर्वान्ह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नियमित रूप से जनता दर्शन आयोजित कर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहूति देने वाले शहीदों की स्मृति में जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी डा0 दिव्या मिश्रा, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, डीसी मनरेगा सन्तोष कुमार सिंह व अन्य अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा विकास भवन परिसर में दो मिनट का मौन धारण किया गया।

Comments