नागरिक अस्पताल नारनौल की और बेहतर होंगी स्वास्थ्य सेवाएं : डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. विजय डबास रात 9 से 10 तक सुनेंगे मरीजों व नागरिकों की शिकायतें
डॉ. डबास ने घोषणा की है कि वे सोमवार से गुरुवार तक रात 9 बजे से 10 बजे तक अपने कार्यालय में उपलब्ध रहेंगे ताकि मरीजों और अस्पताल के स्टाफ की समस्याओं और शिकायतों को सीधे सुना और हल किया जा सके। यह अपनी तरह की अलग पहल है जो मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के "जन सेवा ही परम धर्म" के सिद्धांत को मजबूत करने के संकल्प को दर्शाती है।
महेंद्रगढ़, विनीत पंसारी ।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की दूरदर्शी नीतियों की बदौलत राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर बनाने के लिए कार्य हो रहा है। इसी कड़ी में नारनौल नागरिक अस्पताल में डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. विजय डबास द्वारा की गई एक अभिनव पहल ने स्वास्थ्य सेवाओं और रोगी देखभाल में सुधार की दिशा में एक नई मिसाल कायम की है।
यह पहल विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि यह उन समस्याओं का निराकरण करेगी जो अक्सर रात की पारी के दौरान सामने आती हैं। ऐसी समस्याओं को तुरंत हल करने की आवश्यकता होती है। डॉ. डबास का यह कदम प्रशासन, मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में मदद करेगा। इससे नागरिक अस्पताल नारनौल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार और मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. आशा शर्मा ने भी इस पहल की सराहना की है।
यह पहल न केवल नारनौल के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रदान करेगी, बल्कि यह अन्य सरकारी अस्पतालों के लिए भी एक प्रेरणा का स्रोत बनेगी कि वे भी अपने नागरिकों की समस्याओं को सक्रिय रूप से सुनें और उनका समाधान करें।

Comment List