कांग्रेस का सोनभद्र में संगठन सृजन अभियान भाजपा सरकार पर तीखा हमला
महिलाओं पर लगातार अपराध बढ़ रहे और महंगाई के कारण महिलाओं के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है- उषा चौबे (महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष)
प्रदेश में कांग्रेस का व्यापक अभियान
अजित सिंह/राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
कांग्रेस पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को मजबूत करने के उद्देश्य से एक व्यापक अभियान चला रही है, जिसके तहत प्रत्येक जिले में समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। इसी कड़ी में, सोनभद्र जिले में संगठन सृजन अभियान के तहत महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक रॉबर्ट्सगंज के ग्राम बौआर में आयोजित की गई।

बैठक महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष ऊषा चौबे की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त समन्वयक डॉ. राम आधार जोसेफ उपस्थित रहे।बैठक के दौरान, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार पर जमकर निशाना साधा। नियुक्त समन्वयक डॉ. राम आधार जोसेफ ने बताया कि उन्हें उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय द्वारा सोनभद्र जिले का समन्वयक बनाया गया है।
उन्होंने कहा, हम यहां कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत बूथ स्तर और गांव-गांव जाकर कांग्रेस को मजबूत करने आए हैं। इसी कड़ी में, आज हम रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में संगठन सृजन अभियान के तहत लोगों को जोड़ने का काम कर रहे हैं।डॉ. जोसेफ ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है। उन्होंने मनरेगा मजदूरों का मजदूरी बकाया होने का मुद्दा उठाया और उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था के ध्वस्त होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गरीबों के आशियाने लगातार उजाड़े जा रहे हैं, और मुस्लिम समुदाय तथा कुछ विशेष जातियों को छोड़कर अन्य सभी जातियों को परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने दलितों पर अत्याचार को चरम पर बताया।महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष ऊषा चौबे ने भाजपा सरकार में महिलाओं की असुरक्षा पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि महिलाओं पर लगातार अपराध बढ़ रहे हैं और महंगाई के कारण महिलाओं के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने संगठन सृजन अभियान के तहत महिलाओं को जोड़कर उनके सशक्तिकरण की दिशा में बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।यह अभियान कांग्रेस के लिए जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त जनता अब बदलाव चाहती है, और संगठन सृजन अभियान इस बदलाव को लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Comment List