राजनीति
मिनकौरा के विन टोली में आरसीसी पुलिया निर्माण का शिलान्यास, आवागमन व खेती को मिलेगा बड़ा लाभ–मनीष जायसवाल
कुशीनगर। जनपद के विकास खंड विशुनपुरा अंतर्गत मिनकौरा गांव के विन टोली में नाले पर 2×5 मीटर स्पान की आरसीसी पुलिया निर्माण कार्य का शिलान्यास मनीष कुमार जायसवाल (विधायक, पडरौना सदर) के करकमलों द्वारा विधिवत रूप से संपन्न हुआ। यह निर्माण कार्य पूर्वाचल विकास निधि (जिलांश) 2025-26 के अंतर्गत कराया जा रहा है, जिसकी कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग कुशीनगर है।
शिलान्यास कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि इस पुलिया के निर्माण से ग्रामीणों को अब लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, जिससे किसानों को अपनी फसल के आवागमन में सुविधा मिलेगी और व्यापारियों का समय भी बचेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
विधायक ने आगे कहा कि उनकी प्राथमिकता बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, शुद्ध पेयजल, पक्की सड़कें और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
वहीं ग्राम प्रधान मिनकौरा बंसराज साहनी ने इस दिन को गांव के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित पुलिया की मांग पूरी होने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पुलिया केवल एक संरचना नहीं, बल्कि गांव की प्रगति का मार्ग है। इस अवसर पर महेश रौनियार, शौखलाल रौनियार, राजकुमार चौहान, प्रमोद कुमार गौतम, डीके मौर्य सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Comments