पडरौना: मुसहर बस्तियों में गूंजा नशामुक्ति का संकल्प — “नशा छोड़ो, सम्मान पाओ”: पप्पू पांडेय

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

कुशीनगर। नशा मुक्ति अभियान के तहत रविवार को पडरौना ब्लॉक के ग्राम सभा जंगल बेलवा स्थित मुसहर बस्ती में एक वृहद चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नाहरछपरा, कुर्मौल और जंगल बेलवा की मुसहर बस्तियों से सैकड़ों लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता पप्पू पांडे रहे, जबकि संचालन भाजपा मंडल मंत्री मनोज कुमार गोंड ने किया।

चौपाल को संबोधित करते हुए पप्पू पांडे ने कहा कि मुसहर समाज के विकास में नशा सबसे बड़ी बाधा है। उन्होंने कहा कि नशे की वजह से समाज में घरेलू हिंसा और अपराध बढ़ रहे हैं, जिससे महिलाओं की स्थिति दयनीय होती जा रही है और परिवार आर्थिक संकट में फंस रहे हैं। उन्होंने मुसहर समाज के लोगों से आह्वान करते हुए कहा, “आप नशा छोड़िए, हम आपको सम्मानित करेंगे।” उन्होंने यह भी बताया कि जो व्यक्ति नशा त्यागकर मुख्यधारा से जुड़ेगा, उसे समाज में विशेष पहचान और सम्मान दिया जाएगा।

पप्पू पांडे ने कहा कि उनकी टीम बस्तियों में जाकर न केवल नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक कर रही है, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य भी कर रही है। उनके इस आह्वान का असर साफ तौर पर देखने को मिला, जब उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में नशा छोड़ने और शिक्षा व स्वच्छता को अपनाने की शपथ ली। इस दौरान विशुनपुरा मंडल मंत्री मनोज कुमार गोंड, अशोक कुमार, चंदन पांडेय, बेलास मुसहर, नगीना मुसहर, कैलाश मुसहर, शनिचरी देवी, मैना देवी, सुगिया देवी, भीम प्रसाद, सिंगासन प्रसाद, भुलई मुसहर, धनई मुसहर, फेकू मुसहर, बिगनी देवी समेत बड़ी संख्या में मुसहर समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम ने समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक मजबूत संदेश दिया।

About The Author

Post Comments

Comments