उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 43 केन्द्रों पर दो दिन होगी परीक्षा

नकल या गड़बड़ी की कोशिश पर होगी कड़ी कार्रवाई -जिलाधिकारी

Swatantra Prabhat Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात 
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और अन्य संबंधित अधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
 
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता को प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 
जिलाधिकारी ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि वे गोपनीय सामग्री को स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केन्द्र व्यवस्थापक की उपस्थिति में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में ही प्राप्त कराएं। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान अपने-अपने सेक्टर के परीक्षा केन्द्रों का लगातार भ्रमण करते रहें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
 
उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा समाप्त होने के बाद गोपनीय सामग्री को निर्धारित रूट के माध्यम से पुलिस अभिरक्षा में डबल लॉक व्यवस्था के साथ सुरक्षित रूप से जमा कराया जाए। इसके अलावा परीक्षा केन्द्रों पर नियुक्त स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया गया कि वे उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
 
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं होगी। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन रहे।
 
गौरतलब है कि यह परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। प्रयागराज जनपद में कुल 43 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जहां चारों पालियों में कुल 53,760 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर सत्यम मिश्र, डीसीपी पंकज पाण्डेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, डॉ. प्रभाकर त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें