संबंधित खबरें
नवीनतम
फीचर्ड
महा शिवरात्रि को लेकर पाकुड़िया प्रखण्ड में निखर रही है आध्यात्मिक उल्लास की छटा
पाकुड़िया, पाकुड़, झारखंड:- महा शिवरात्रि को लेकर प्रखण्ड मुख्यालय पाकुड़िया सहित सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में अपूर्व, उत्साहपूर्ण उल्लास देखा जा रहा है। महा शिवरात्रि की मंगलमयी वेला को भव्य एवं सौम्य ढंग से मनाने के लिए शिवालयों की साफ–सफाई, रंगाई–पुताई तथा आकर्षक सजावट में लोग तत्परता से जुटे हुए हैं।
महा शिवरात्रि के अवसर पर पाथरडांगा एवं मोंगलाबांध ग्राम के शिव मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है। 13 फरवरी को मोंगलाबांध ग्राम स्थित नवनिर्मित माता पार्वती मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा हेतु शोभायात्रा निकाली गई। आयोजित कलश यात्रा में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। इस पुण्य वेला में मंदिर स्थल पर मेले का भी आयोजन किया गया है।
वहीं, महा शिवरात्रि पर विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी शिव बारात की भव्य झांकी की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में पाथरडांगा स्थित ब्लॉक परिसर में महाशिवरात्रि को भव्य, दिव्य एवं सौम्यता पूर्ण रूप से मनाने हेतु पंडाल तथा शिव मंदिर को आकर्षक रूप प्रदान किया जा रहा है।
मंदिर प्रांगण में पूजा समिति के सक्रिय सदस्य—
सुनिल कुमार भगत, अमरनाथ भगत, गौतम चौधरी, चन्द्रशेखर चौधरी, मनिषा भगत, सरोज भगत, शम्भू भगत एवं आयुष भगत—ने बताया कि शिवरात्रि की पुण्य वेला में संध्या के समय विगत वर्षों की भांति शिव बारात पाकुड़िया शिव मंदिर की ओर प्रस्थान करेगी। बारात में शिव जी के साथ देवगण एवं भूतगणों की मनोरम झांकियाँ आकर्षण का केंद्र होंगी, जिनकी तैयारी पूरी तत्परता से की जा रही है।
महा शिवरात्रि को लेकर प्रखण्ड के तेतुलिया, पारुलिया, चौकीदार, रामघाटी, श्रीधरपाड़ा, बनो ग्राम, राधानगर, बनडीगा, लखीजोल, फुलझिंझरी, गनपूरा, सिंहपुर, बेनाकूड़ा, राजदाहा तथा मोंगलाबांध ग्राम में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
वहीं खाकसा, तालवा, हरिपुर, पाथरडांगा आदि ग्रामीण इलाकों में साफाहोड़ समाज बड़े पैमाने पर महादेव–महादेवी की पूजन की तैयारी पूरे उल्लास से कर रहा है। महा शिवरात्रि की महिमा अपरम्पार है—शिव सबके कल्याणकर्ता हैं।

Comments