एनएच 730 बाइपास निर्माण से जल निकासी बाधित होने की आशंका

मौके पर पहुंची टीम

Swatantra Prabhat Desk Picture
Published On

सिद्धार्थनगर, सिद्धार्थनगर-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग  730 के बाइपास निर्माण कार्य के दौरान उस्का बाजार नगर पंचायत अंतर्गत सेखुई वार्ड में मुख्य जल निकासी नाले को बंद किए जाने से क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होने की आशंका है। सभासद पूनम त्रिपाठी द्धारा जिलाधिकारी से शिकायत करने के बाद प्रशासन व निर्माण संस्था सक्रिय हो गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को मौके पर एक टीम पहुंची और वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया।
 
सभासद की आशंका पर सहमति जताते हुए अंडर बाईपास बनवाने का आश्वासन दिया गया है। सभासद ने शिकायत किया था कि बाईपास निर्माण होने से नाला अवरुद्ध हो जाएगा और पूरे वार्ड में बारिश के मौसम में पानी जमा हो सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होगा। समस्या यहीं तक सीमित नहीं है। बाइपास निर्माण के कारण वार्ड के दो प्रमुख रास्ते भी प्रभावित हो रहे हैं, जिससे वार्ड दो हिस्सों में बंटता नजर आ रहा है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
 
सभासद ने जिलाधिकारी से मांग किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए पुराने जल निकासी नाले पर पुलिया का निर्माण कराया जाए तथा दोनों प्रभावित रास्तों पर अंडरपास बनाया जाय, ताकि जल निकासी बाधित न हो और लोगों की आवाजाही सुचारु बनी रहे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें