संबंधित खबरें
नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
टैंकर से केमिकल का रिसाव: दर्जनों बकरियां झुलसीं, गड्ढे में गिरने से बछड़ा गंभीर
टैंकर से केमिकल लगातार रिसता रहा और सड़क किनारे बहते हुए आसपास बने खुले गड्ढों में इकट्ठा हो गया।
बस्ती।
बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर शंकरपुर गांव के सामने आज केमिकल से भरे एक टैंकर से रिसाव होने के कारण बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे चर रही दर्जनों बकरियां केमिकल की चपेट में आकर झुलस गईं, जबकि पास में बने गड्ढे में गिरने से एक छुट्टा बछड़ा भी गंभीर रूप से झुलस गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को बजरंग सिंह ढाबा के सामने कई वाहनों के आपस में टकराने की घटना हुई थी। इसी दौरान एक ट्रक ने केमिकल से लदे टैंकर में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टैंकर की टंकी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक क्षतिग्रस्त टैंकर को लेकर शंकरपुर गांव के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग की पटरी पर खड़ा कर गया।
टैंकर से केमिकल लगातार रिसता रहा और सड़क किनारे बहते हुए आसपास बने खुले गड्ढों में इकट्ठा हो गया। इसी दौरान एक छुट्टा बछड़ा गड्ढे में गिर गया और तेज़ाब जैसे केमिकल की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। दर्द से तड़पता हुआ बछड़ा बाद में पास के खेत में पड़ा मिला। वहीं, आसपास चर रही आधा दर्जन से अधिक बकरियां भी केमिकल के संपर्क में आकर झुलस गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित पशुपालकों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी टीम ने पीड़ितों के नाम-पते नोट किए और मामले को स्थानीय चौकी पुलिस को ट्रांसफर कर दिया।
एक दर्जन लोगों की बकरियां शामिल बताई जा रही हैं। घटना मंगलवार दोपहर करीब 11 बजे की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि टैंकर चालक ने केमिकल से भरे गड्ढों को समय रहते रस्सी या बैरिकेड लगाकर घेर दिया होता, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था। फिलहाल सड़क किनारे खुले गड्ढों और जमा केमिकल के कारण आगे भी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

Comments