संबंधित खबरें
नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
आवारा कुत्तों का आतंक, एक दिन में 35 लोग घायल
ग्रामीणों में आवारा कुत्तों को लेकर दहशत का माहौल, बच्चे डरें हुए
लालगंज (रायबरेली)।
क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में मंगलवार को आवारा कुत्तों ने आतंक मचा दिया। एक ही दिन में कुत्तों ने 35 लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिससे गांवों में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई।
इलाज कराने पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कुत्ते राह चलते लोगों के साथ-साथ बच्चों पर भी अचानक हमला कर रहे हैं, जिससे लोग घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं।
अस्पताल पहुंचे घायलों में खानपुर गांव की दीपा (23), लालगंज के विजय सिंह (45) व शांति (35), मीठापुर के बसंत लाल (48), ठाकुराइन खेड़ा के नितिन (7), पूरे गुलाब का पुरवा की प्रेमा (45), बेहटा कला के अनुज (25), आनापुर के सक्षम यादव (9), हसनापुर के राजकुमार (40), दीपेमऊ के महेंद्र (28) और पूरे महुआरी के शिवा (18) सहित अन्य लोग शामिल हैं।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमल पटेल ने बताया कि सोमवार को कुल 110 मरीजों को एंटी रेबीज वैक्सीन का इंजेक्शन लगाया गया, जिनमें 35 नए मरीज शामिल थे। उन्होंने बताया कि कुत्ते के काटने की स्थिति में घाव को तुरंत साबुन और साफ पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए और बिना देर किए अस्पताल पहुंचकर वैक्सीन की पूरी डोज लेना बेहद जरूरी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या पर जल्द प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Comments