संबंधित खबरें
नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
देवघर नगर निगम व मधुपुर परिषद चुनाव में आजसू पार्टी ने निर्दलीयों को दिया खुला समर्थन
देवघर, झारखंड:- बीते मंगलवार को आजसू पार्टी देवघर जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य के आवासीय कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में देवघर नगर निगम चुनाव को लेकर व्यापक चर्चा की गई तथा संगठन की आगामी रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य ने घोषणा की कि आजसू पार्टी देवघर नगर निगम अंतर्गत सभी 36 वार्डों में प्रत्येक वार्ड से ऐसे एक-एक निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन देगी, जो सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और समग्र विकास की बात करता हो।
उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य किसी विशेष दल का नहीं, बल्कि देवघर की देवतुल्य जनता के हितों का समर्थन करना है। जो भी प्रत्याशी जनता की मूलभूत समस्याओं — सड़क, नाली, जलापूर्ति, स्वच्छता और स्थानीय रोजगार — को प्राथमिकता देगा, आजसू पार्टी उसका साथ देगी।इसके साथ ही बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि मधुपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी अनु गुप्ता को पूर्णरूपेण समर्थन दिया जाएगा। पार्टी ने मधुपुर नगर परिषद के सभी 23 वार्डों में भी सामाजिक सोच और विकास के प्रति प्रतिबद्ध निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन देने की घोषणा की।
जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य ने कहा कि आजसू पार्टी सदैव जनहित, सामाजिक समरसता और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने सभी समर्थित प्रत्याशियों की प्रचंड जीत की कामना करते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ मैदान में उतरें तथा जनता के बीच पार्टी की विचारधारा और समर्थन का संदेश पहुँचाएं। बैठक में पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Comments