चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती का किया गया विनष्टीकरण, करीब 10 एकड़ में लगी फसल नष्ट

वन विभाग व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ड्रोन से चिन्हित कर की गई सख्त कार्रवाई

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

चौपारण, हजारीबाग, झारखंड:- चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 06 फरवरी 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर चौपारण थाना अंतर्गत चोरदाह पंचायत के कबिलाश जंगल क्षेत्र में वन विभाग एवं चौपारण पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न दुर्गम इलाकों में करीब 10 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को चिन्हित किया गया।
 
मौके पर ही पूरी फसल को नष्ट कर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई मादक पदार्थों के उत्पादन व तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है। अभियान के दौरान घटनास्थल से निम्नलिखित वस्तुएं बरामद कर मौके पर ही नष्ट की गईं जिसमें 6 डिलीवरी पाइप शामिल है। पुलिस द्वारा अवैध अफीम की खेती में संलिप्त व्यक्तियों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान के बाद उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।
 
संयुक्त अभियान में प्रमुख रूप से अजित कुमार बिमल एसडीपीओ बरही, सरोज सिंह चौधरी थाना प्रभारी चौपारण, एसआई सुबिन्दर राम, एसआई रतन टुडू, एएसआई कमरुद्दीन, सशस्त्र बल के जवान, बनपाल कुलदीप कुमार शामिल रहें। उल्लेखनीय है कि पुलिस प्रशासन द्वारा ड्रोन के माध्यम से दुर्गम इलाकों की पहचान कर अवैध खेती को नष्ट किया जा रहा है। पुलिस ने दोहराया कि अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें