दिशा छात्र संगठन के छात्रों पर जानलेवा हमला करने वालो पर एफ़आईआर करवाने के लिए चीफ़ प्राक्टर को ज्ञापन प्रदर्शन।
निधि ने कहा कि कल विश्वविद्यालय में शांतिपूर्ण तरीके से परिचर्चा कर रहे छात्रों पर अराजक तत्वों द्वारा गाली-गलौच, मारपीट, छात्राओं के साथ अभद्रता की गई थी।
स्वतंत्र प्रभात ब्यूरो प्रयागराज
।इलाहाबाद। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में परिचर्चा कर रहे दिशा छात्र संगठन के छात्रों पर जानलेवा हमला करने वाले अराजक तत्वों पर एफ़आईआर करवाने के लिए चीफ़ प्राक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने के बाद छात्र जुलूस निकालते हुये एडीएम सिटी कार्यालय पहुँचे और एडीएम फर्स्ट के जरिये पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। जहाँ छात्रों के साथ एडीएम फर्स्ट ने वार्ता किया।
निधि ने कहा कि कल विश्वविद्यालय में शांतिपूर्ण तरीके से परिचर्चा कर रहे छात्रों पर अराजक तत्वों द्वारा गाली-गलौच, मारपीट, छात्राओं के साथ अभद्रता की गई थी। 30-40 की संख्या में आये अराजक तत्वों का नेतृत्व भावेश दुबे, विपुल तिवारी, अनुराग मिश्रा, धीरज पाण्डेय, वैभव पाण्डेय, सम्राट राय कर रहे थे। परिसर में बिना नम्बर की एक बाहरी गाड़ी में भरकर आये अपराधी किस्म के लोग छात्रों पर जानलेवा हमला करते हैं। अभी तक उक्त के सन्दर्भ में विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गयी है। पीड़ित छात्रों का अबतक मेडिकल नहीं किया गया है।
लम्पट तत्व विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और जनवादी माहौल को ख़राब कर रहे हैं। हम लोगों के साथ मारपीट करने वाले अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है। एक लोकतान्त्रिक देश में न्याय मिलना इंसानी ज़िन्दगी से भी महँगा हो गया है। लगातार कुत्सा प्रचार करने में अपराधियों और इनके लग्गुओं-भगगुओं का साथ विश्वविद्यालय प्रशासन भी दे रहा है।
छात्र दोपहर 12:00 बजे सीनेट परिसर गेट पर इकठ्ठा हुये और मार्च निकालते हुये चीफ़ प्राक्टर कार्यालय पहुँचे और वहाँ ज्ञापन सौंपे। छात्रों ने कहा कि अगर गुंडों पर एफ़आईआर नहीं होता है तो हम आन्दोलन तेज करने के लिए मजबूर होंगे। जुलूस में चन्द्रप्रकाश, पूजा, संजय, सौम्या, इशांत आदि शामिल थे।

Comments