स्वास्थ्य विभाग एवं गिफ्टएबल्ड फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बलरामपुर। स्वास्थ्य विभाग एवं गिफ्टएबल्ड फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांग बच्चों के लिए मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए 43 दिव्यांग बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। शिविर में मुख्य रूप से सेरेब्रल पैलसी(सीपी) एवं बहुविकलांगता से ग्रसित बच्चों को शामिल किया गया।
 
यह शिविर गुलाबी भवन गिफ्टएबल्ड फाउंडेशन कलेक्ट्रेट मोड़ बड़ा धुसाह बलरामपुर में आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन जिलाधिकारी बिपिन कुमार जैन द्वारा किया गया। उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के समुचित उपचार, पुनर्वास और सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ऐसे शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं गिफ्टएबल्ड फाउंडेशन के इस संयुक्त प्रयास की सराहना की।
 
शिविर के दौरान बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण डॉ. संजय खत्री, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज बहराइच एवं डॉ. शिवम् मधेशिया, न्यूरो सर्जन द्वारा किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों की शारीरिक एवं तंत्रिका संबंधी समस्याओं का गहन परीक्षण कर अभिभावकों को उपचार, फॉलोअप एवं आवश्यक थेरेपी से संबंधित परामर्श दिया।
 
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि नंदन त्रिपाठी, डॉ. महताब आलम बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सौरभ सिंह डॉ सुनील यादव, जिला मलेरिया अधिकारी राजेश पाण्डेय, रोटरी क्लब से डॉ. अजय प्रकाश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वयंसेवी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
 
शिविर में बच्चों के अभिभावकों को उपचार की आगे की प्रक्रिया, सरकारी योजनाओं एवं पुनर्वास सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। सीएमओ ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई गई, जिससे दिव्यांग बच्चों को समय पर विशेषज्ञ उपचार एवं सहयोग मिल सके।

About The Author

Post Comments

Comments