नवीनतम
फीचर्ड
भारत
गाली-गलौज के बाद मारपीट, लोहे की रॉड से हमला कर युवक को किया लहूलुहान
पीड़िता और उसके पति को जान से मारने की दी धमकी
सुलतानपुर/कादीपुर।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में गेट बंद करने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट और गाली-गलौज के साथ ही एक युवक को लोहे की रॉड से गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना बीती रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र के ग्राम धुधरी निवासी पीड़िता अपने मायके नरायनपारा, थाना कादीपुर में आई हुई थीं। पूनम ने कादीपुर पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 17 मई की रात करीब 2 बजे बाल गोविन्द पुत्र राम विचारे निवासी नरायनपारा ने उन्हें फोन कर बताया कि ‘गेट खुला है, बंद कर लो’। जब वह गेट बंद करने गईं तो उसी समय बाल गोविन्द का भाई अमन मौके पर पहुंचा और पूनम से अभद्र भाषा में बात करने लगा। मना करने पर वह और भड़क गया और गालियाँ देने लगा।
पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने अपने पति को आवाज दी तो वह बाहर आ गए। उनके विरोध करने पर अमन ने अपने कुछ साथियों को बुला लिया और सभी ने मिलकर पूनम के पति वशिष्ठ को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान लोहे की रॉड से सिर पर प्रहार किया गया, जिससे वशिष्ठ गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़िता का कहना है कि जाते समय अमन और उसके साथियों ने उन्हें और उनके पति को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कादीपुर ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच कर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज़ कर ली गई है।


Comments