कलेक्ट्रेट परिसर में अवैध कब्जों पर सख्ती, 7 दिन में हटाने का अल्टीमेटम

गलत पार्किंग पर भी होगी कार्रवाई

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रतापगढ़। जनपद प्रतापगढ़ में कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ते अवैध कब्जों और अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर जिला मजिस्ट्रेट शिव सहाय अवस्थी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होने बताया है कि कलेक्ट्रेट परिसर में अवस्थित राजकीय भवनों, लैट्रीन की सेप्टिक टैंकों, नवनिर्मित वादकारी शेडो के नीचे बने पार्किंग स्थल तथा परिसर में बाउण्ड्री के पास व अन्य स्थलों पर अनियमित व अनधिकृत रूप से छाजन व गुमटियां आदि रखकर अवैध कब्जा कर लिया गया है तथा आने जाने वाले रास्तो में अनियमित व अनुचित तरीके से वाहन खड़ा कर रास्ता संकुचित कर दिया जाता है जिससे वादकारियों तथा कलेक्ट्रेट में आने वाले जनसामान्य को काफी असुविधा होती है। प्रायः यह देखा जा रहा है कि कलेक्ट्रेट परिसर व सार्वजनिक स्थानो पर अतिक्रमणियों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को अब तक हटाने का प्रयास नहीं किया गया है जो अत्यन्त ही आपत्तिजनक एवं चिन्ताजनक है। 
 
जिला मजिस्ट्रेट ने कलेक्ट्रेट परिसर में किये गये अनियमित व अवैध कब्जाधारियों एवं अतिक्रमण कर्ताओ को  चेतावनी देते हुए कहा है कि वे 7 दिनों के भीतर स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें और स्थल को खाली कर दें। निर्धारित समयसीमा के बाद यदि कोई कब्जा पाया जाता है, तो प्रशासनिक टीम द्वारा बलपूर्वक हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान आने वाला खर्च संबंधित अतिक्रमणकारी से ही वसूला जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। इसके अलावा वाहन मालिकों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। गलत स्थान पर वाहन खड़ा करने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। जिला मजिस्ट्रेट ने आम जनता से भी अपील की है कि वे कलेक्ट्रेट परिसर की स्वच्छता और सुचारु व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सभी को बेहतर और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

About The Author

Post Comments

Comments