होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 परीक्षा को लेकर सु चितापूर्ण व शांतिपूर्ण आयोजन के निर्देश

इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त प्रयागराज एवं जिलाधिकारी प्रयागराज द्वारा संयुक्त रूप से की गई

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की आगामी परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, शुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित त्रिवेणी सभागार में एक महत्वपूर्ण डीब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त प्रयागराज एवं जिलाधिकारी प्रयागराज द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
 
बैठक के दौरान परीक्षा की संपूर्ण व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, परीक्षा केंद्रों की निगरानी तथा अभ्यर्थियों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष होनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी की संभावना न रहे।
 
पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही, संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त निगरानी रखने के लिए विशेष टीमें गठित करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन सुचारू रूप से संचालित हो।
 
डीब्रीफिंग में उपस्थित अधिकारियों को परीक्षा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने तथा आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने की हिदायत दी गई। इसके साथ ही, नकल रोकने के लिए सख्त कदम उठाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
 
इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे, जिन्होंने परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाने का संकल्प लिया।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें