विधायक सुरेश पासी के प्रयास से मकदूमपुर गोमती नदी पर बनेगा पक्का पुल 

विकास की मुख्य धारा से जुड़ेंगे कई गांव विधायक सुरेश पासी के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर विधानसभा जगदीशपुर

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

अमेठी। क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शुकुल बाजार विकासखंड अंतर्गत मकदूमपुर कला से देवगांव मार्ग पर गोमती नदी पर नए पक्के दीर्घ सेतु के निर्माण को शासन से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। यह स्वीकृति उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी की गई है, जिससे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोमती नदी पर पहले से मौजूद क्षतिग्रस्त सेतु के बगल में नया मजबूत पुल, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग तथा सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएंगे।
 
इस परियोजना की कुल लागत लगभग 38.08 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें से चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में करीब 13.32 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर जारी की गई है।इस महत्वपूर्ण परियोजना के पीछे क्षेत्रीय विधायक सुरेश पासी के लगातार प्रयासों को प्रमुख माना जा रहा है। इससे पहले भी उनके प्रयासों से पाली में गोमती नदी पर पक्का पुल बन चुका है, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिली है।विधायक के प्रयासों से ही क्षेत्र में कई पीपे के पुलों का निर्माण भी कराया गया, जिससे सीमावर्ती जनपदों के बीच दूरी कम हुई और लोगों को आवागमन में राहत मिली।
 
अब मकदूमपुर कला में बनने वाला यह नया पुल क्षेत्र के विकास को और गति देगा।ग्रामीणों में इस स्वीकृति को लेकर खासा उत्साह है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के समय आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से अब स्थायी राहत मिलेगी और व्यापार, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।यह परियोजना न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बताते चले उक्त पुल के लिए सदन में विधायक सुरेश पासी ने मांग की थी विधायक सुरेश पासी ने सदन में पुल के साथ-साथ जगदीशपुर में तहसील निर्माण और शुकुल बाजार तथा जगदीशपुर को नगर पंचायत का दर्जा दिलाए जाने सहित अन्य विकास की योजनाओं की  भी मांग उठाई थी।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें