प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के आलोक में 150 गर्भवती महिलाओं का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण

Swatantra Prabhat Desk Picture
Published On

पाकुड़िया,  पाकुड़, झारखंड:- प्रखण्ड मुख्यालय पाकुड़िया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 9 फरवरी को 150 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच केंद्र के डॉक्टर अभय श्राफ और वसीम रजा ने की। स्वास्थ्य परीक्षण के क्रम में चिकित्सकों ने रक्त, रक्तचाप, आयरन और वजन की जांच की तथा आवश्यकता के अनुसार दवा भी दी। इस अवसर पर चिकित्सकों ने महिलाओं को मौसमी फल और सब्जियां भोजन में शामिल करने को कहा। वहीं गर्भावस्था में घरेलू भारी भरकम काम न करने और हल्के घरेलू कार्य करने की सलाह दी ताकि शारीरिक सक्रियता बनी रहे।
 
ज्ञात रहे कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक महीने की 9 तारीख को स्वास्थ्य जांच की जाती है। यदि छुट्टी रहती है तब दूसरे दिन जांच की जाती है। इस अभियान को सफल बनाने में डॉक्टर गंगा शरण साह, तकनीशियन निगेश प्रसाद, अटल प्रसाद, अलखनिरंजन प्रसाद, राजकुमार, नित्य पाल, शैलेंद्र सोरेन, प्रभात कुमार और केंद्र की नर्सों का पूरा सहयोग रहा है।
 
आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य सहियाओं की सराहनीय पहल देखी जाती है। मिली जानकारी के अनुसार इस अभियान में प्रखण्ड के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से गर्भवती महिलाएं सहिया के साथ आती रही हैं। स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति महिलाओं की जागरूकता बढ़ी है। बताया जाता है कि स्वास्थ्य परीक्षण से प्रसव के समय असुविधा नहीं होती।
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें