खजनी ब्लॉक में कृमि मुक्ति व एमआर टीकाकरण को लेकर व्यापक तैयारी

शिक्षकों व आंगनवाड़ी कर्मियों का प्रशिक्षण संपन्न

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

खजनी, गोरखपुर। ब्लॉक संसाधन केंद्र खजनी पर गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगामी कृमि मुक्ति अभियान एवं एमआर (खसरा-रूबेला) टीकाकरण अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप त्रिपाठी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी जे. अहमद तथा के.एम. अंसारी (BCPM) की उपस्थिति में सभी स्कूलों के नोडल अध्यापक, आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं आंगनवाड़ी सहायिकाओं को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
 
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि कृमि मुक्ति अभियान 10 फरवरी 2026 को संचालित किया जाएगा, जबकि मॉप-अप (उप राउंड) 13 फरवरी 2026 को होगा। इस अभियान के अंतर्गत 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों एवं किशोरों को Albendazole की दवा खिलाई जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में बाधा बनता है, जिससे एनीमिया, कमजोरी और पढ़ाई में पिछड़ापन जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसलिए इस अभियान की शत-प्रतिशत सफलता अत्यंत आवश्यक है।
 
इसी क्रम में जानकारी दी गई कि 16 फरवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक एमआर टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के सभी बच्चों को एएनएम द्वारा एमआर टीका लगाकर आच्छादित किया जाएगा। यह टीका खसरा और रूबेला जैसी गंभीर संक्रामक बीमारियों से बच्चों को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाता है।
 
प्रशिक्षण सत्र में नोडल शिक्षकों और आंगनवाड़ी कर्मियों को दवा खिलाने की सही विधि, बच्चों की आयु के अनुसार खुराक, संभावित दुष्प्रभावों की जानकारी, अभिभावकों को जागरूक करने के तरीके तथा रिपोर्टिंग प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि कोई भी बच्चा अभियान से वंचित न रहे, इसके लिए घर-घर संपर्क एवं स्कूल-स्तर पर समन्वय बनाए रखा जाए।
 
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप त्रिपाठी ने कहा कि स्वस्थ बच्चा ही स्वस्थ समाज की नींव है, और इन अभियानों की सफलता में शिक्षक एवं आंगनवाड़ी कर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों से अभियान को गंभीरता से लेते हुए पूर्ण सहयोग देने की अपील की गई।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें