Haryana: हरियाणा में बेसहारा पशु पकड़ने गई नगर निगम टीम पर हमला, जानें पूरा मामला
Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम में बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे नगर निगम के विशेष अभियान के दौरान सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेक्टर-56 और न्यू कॉलोनी इलाके में अभियान के दौरान नगर निगम की सैनिटरी टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ निगम कर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
निगम कर्मचारियों का आरोप है कि सेक्टर-56 में विरोध कर रहे लोगों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। हालात बिगड़ते देख निगम टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
इसी तरह की एक और घटना न्यू कॉलोनी इलाके में सामने आई। यहां भी जब नगर निगम की टीम बेसहारा गायों को पकड़ने पहुंची, तो कुछ अज्ञात लोगों ने निगम की गाड़ी पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने गायों को निगम वाहन से जबरन छुड़ा लिया, कर्मचारियों के साथ मारपीट की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
घटना के बाद नगर निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। संबंधित थानों को शिकायत दिए जाने की तैयारी की जा रही है और हमलावरों की पहचान के लिए बाइक नंबरों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। निगम अधिकारियों का कहना है कि सरकारी काम में बाधा डालने और कर्मचारियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Comment List