Haryana Weather: हरियाणा में बढ़ी कड़ाके की ठंड, 8 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी
Haryana Weather: पहाड़ों से मैदानी इलाकों की ओर चल रही उत्तर-पश्चिमी शीत हवाओं ने हरियाणा में ठंड को अचानक बढ़ा दिया है। खासतौर पर प्रदेश के उत्तरी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में जबरदस्त ठिठुरन महसूस की जा रही है। कई इलाकों में दिन का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। दिन और रात के तापमान में अंतर कम होने के कारण ठंड का असर और ज्यादा बढ़ गया है।
8 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट
कोल्ड डे जैसी स्थिति
पानीपत में दिन और रात के तापमान में केवल 4.1 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया। राज्य के 7 जिलों में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। शनिवार को फरीदाबाद, गुरुग्राम, कैथल, करनाल, नूंह और पानीपत समेत 7 शहरों में पूरे दिन कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही।
कई जिलों में छाया घना कोहरा
भिवानी और सोनीपत में रात से ही कोहरा छाने लगा था, जबकि नारनौल और महेंद्रगढ़ में सीजन की पहली धुंध देखने को मिली। सुबह के समय फतेहाबाद और गुरुग्राम में भी घना कोहरा छाया रहा। हिसार में ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर और बढ़ गया।
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी
कोहरे को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने, फॉग लाइट या लो-बीम हेडलाइट का इस्तेमाल करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। अनावश्यक ओवरटेकिंग, मोबाइल फोन का उपयोग और मुख्य सड़कों पर वाहन खड़े करने से बचने की अपील की गई है।
यातायात पर पड़ा असर
घने कोहरे के कारण रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है। कई एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। मालवा एक्सप्रेस, गोरखधाम एक्सप्रेस सहित कई लंबी दूरी की ट्रेनें लेट हुई हैं। वहीं रोडवेज ने रात और अलसुबह चलने वाली कई बसों को डिपो से ही रद्द कर दिया है। परिवहन विभाग ने बसों की अधिकतम गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा रखने के निर्देश दिए हैं।
22 दिसंबर तक बादल, 23 से फिर बढ़ेगी ठंड
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में मौसम 24 दिसंबर तक परिवर्तनशील बना रह सकता है। 20 दिसंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके आंशिक प्रभाव से 20 दिसंबर की रात से 22 दिसंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। उत्तरी हरियाणा के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना है।
इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। नमी बढ़ने के कारण अलसुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। हालांकि 23 दिसंबर से एक बार फिर उत्तर और उत्तर-पश्चिमी शीत हवाएं चलने से विशेष रूप से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।


Comment List