पारिवारिक विवाद में महिला की संदिग्ध मौत, दम घुटने से गई जान, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा
त्रिवेणीगंज (सुपौल)
जदिया थाना क्षेत्र के हीरापट्टी वार्ड नंबर 10 में शुक्रवार को पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान जयकृष्ण यादव की 42 वर्षीय पत्नी गीता देवी के रूप में हुई है।
परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर गीता देवी की हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के दामाद बलबीर कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गीता देवी और उनके पति जयकृष्ण यादव का लंबे समय से देवर प्रमोद यादव समेत अन्य परिजनों से विवाद चल रहा था और कई बार जान से मारने की धमकियां भी दी गई थीं।
बलबीर कुमार के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब दस बजे जब गीता देवी घर में अकेली थीं, तभी प्रमोद यादव, उसकी पत्नी कंचन देवी, भाई शंभू यादव, कंचन देवी का पति शंभू यादव और चंदर यादव समेत चार-पाँच अज्ञात लोग घर में घुस आए। सभी ने मिलकर गीता देवी के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन बेड पर पटक दिया। इसके बाद गीता देवी पर कंबल डालकर ऊपर से दबाव बनाया गया, जिससे दम घुटने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद प्रमोद यादव ने बलबीर कुमार को फोन कर गीता देवी की मौत की सूचना दी। जानकारी मिलते ही जदिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मृतका के दामाद बलबीर कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार शाम शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Comment List