मिल्कीपुर: शमशान की भूमि पर कृषि विश्वविद्यालय जबरिया कर रहा अवैध निर्माण

मिल्कीपुर अयोध्या।नगर पंचायत कुमारगंज अंतर्गत राजस्व गांव शिवनाथपुर के राजस्व अभिलेखों में दर्ज श्मशान के खाते की भूमि एवं श्मशान को जाने वाले रास्ते कोई आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा अवैध कब्जा करते हुए बाउंड्री वॉल बनाए जाने का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष विकास सिंह छोटू एवं वार्ड संख्या एक की सभासद नीता ने उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं देश के प्रधानमंत्री से शिकायत कर अवैध अतिक्रमण एवं निर्माण रूकवाये जाने की मांग की है। नगर पंचायत कुमारगंज के वार्ड नंबर 1 से सभासद नीता के प्रतिनिधि संतोष कुमार ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से की गई शिकायत में आरोप लगाया है कि राजस्व गांव शिवनाथपुर के अभिलेखों में घाटा संख्या 289 शमशान के खाते की भूमि में अंकित है। जिस पर शिवनाथपुर के ग्राम वासियों द्वारा शव संस्कार किया जाता है। उक्त शमशान तक जाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग 330 ए से होते हुए नाले के किनारे से एक रास्ता जाता है जिस पर वर्तमान में आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज द्वारा अवैध रूप से चारदीवारी बनाकर कब्जा किया जा रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा उक्त अवैध अतिक्रमण किए जाने के चलते नगर पंचायत वासियों के शवों की अंतिम संस्कार में संकट पैदा हो जाएगा। क्योंकि शिवनाथपुर ग्राम वासियों को अंतिम संस्कार किए जाने हेतु अन्य कहीं पर कोई जगह नहीं है। पीड़ित सभासद प्रतिनिधि ने आरोप लगाया है कि नगर पंचायत अध्यक्ष एवं समस्त ग्राम वासियों द्वारा लिखित व मौखिक रूप से विश्वविद्यालय प्रशासन को अवगत कराया गया और आग्रह भी किया गया, किंतु विश्वविद्यालय प्रशासन को जन भावनाओं सहित लोगों की समस्याओं का कोई ख्याल नहीं रह गया है। जिसके चलते नगर पंचायत वासियों में विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। यही नहीं विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ विजेंद्र सिंह द्वारा प्रकरण को लेकर अपने गए अडियल रवैये को लेकर नगर पंचायत वासियों की तो बात दूर क्षेत्र वासियों में भी गहरा असंतोष व्याप्त हो गया है।

About The Author: Swatantra Prabhat UP