कानपुर वेदर अपडेट: 17 साल में सबसे गर्म रात

29-30 अप्रैल को राहत की उम्मीद

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

कानपुर। कानपुर में मौसम ने अचानक करवट ली है। हल्के बादल और नमी बढ़ने के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन रात का तापमान बढ़ गया। 27 अप्रैल की रात पिछले 17 वर्षों में सबसे गर्म रात रिकॉर्ड की गई है। अब 29 और 30 अप्रैल को तेज हवाओं, बादलों और हल्की बारिश से राहत मिलने की संभावना जताई गई है।

17 साल में सबसे गर्म रात
सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री से घटकर 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, लेकिन न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 27 अप्रैल की रात 17 साल में सबसे गर्म रही। इससे पहले वर्ष 2009 में 27 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री दर्ज किया गया था।

नमी बढ़ने से उमस में इजाफा
सीएसए मौसम वेधशाला के अनुसार बीते 24 घंटों में सुबह की नमी 25 प्रतिशत और दोपहर की नमी 7 प्रतिशत बढ़ी है। सोमवार को सुबह की नमी 67 प्रतिशत और दोपहर में 26 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई।

29-30 अप्रैल को बदल सकता है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर राजस्थान समेत कई राज्यों में दिखाई दे रहा है। इसके प्रभाव से कानपुर में 29 और 30 अप्रैल को तेज हवाएं चल सकती हैं, बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।

लू को हल्के में न लें
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि लू खतरनाक हो सकती है। समय पर इलाज न मिलने पर यह जानलेवा भी साबित हो सकती है।

About The Author

Post Comments

Comments