विदाई : शिक्षक कभी सेवानिवृत नहीं होते, समाज को देते हैं हमेशा नई दिशा - बीएसए

माध्यमिक विद्यालय बर्डपुर के बालिकाओं द्वारा सरस्वती बंदना और स्वागत गीत की प्रस्तुति प्रशंसनीय रही

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

सिद्धार्थनगर। शिक्षकों की सेवानिवृत्ति, मात्र शासकीय और विभागीय नियमों से मुक्ति का नाम है। वास्तव में शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता। वह सदैव अपने ज्ञान, संस्कार, आचरण और अनुभव से सभ्य समाज और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देता है, इसलिए शिक्षक को राष्ट्र निर्माता और मार्गदर्शक कहा जाता है। उक्त बातें  जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने ब्लॉक संसाधन केन्द्र बर्डपुर के सभागार में गुरुवार को  प्राथमिक/पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ ब्लॉक इकाई बर्डपुर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए व्यक्त किया।
 
विशिष्ठ अतिथि वित्त एवं लेखाधिकारी अभिनय कुमार सिंह ने कहा कि सभी शिक्षक अपने पद के  दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें, क्योंकि शिक्षकों के ऊपर सभ्य समाज और राष्ट्र निर्माण की अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी शिक्षकों को आश्वस्त किया कि वेतन बकाया आदि वित्तीय समस्याओं की चिंताओं से मुक्त होकर पूरे मनोयोग से दायित्वों का निर्वहन करें। शासन के मंशानुरूप पूरे पारदर्शिता के साथ सभी शिक्षकों के वित्तीय समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। जीपीएफ लेजर और पासबुक की समस्या का भी समाधान शीघ्र ही कर दिया जाएगा, फिर जिले में किसी भी शिक्षक का कोई वित्तीय समस्या नहीं रह जाएगा।
 
बतौर मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार एवं विशिष्ट अतिथि वित्त एवं लेखाधिकारी अभिनय कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त होने वाले  प्राथमिक विद्यालय पिपरी से प्रधानाध्यापक शमशुलहक, पिछौरा से जग्गल प्रसाद, कंपोजिट विद्यालय झंगटी से प्रधानाध्यापक कृष्णानंद, अहिरौली से भारत प्रसाद  को फूल माला पहनाकर एवं बैज अलंकरण के पश्चात शॉल, संपूर्ण अंगवस्त्र, धार्मिक ग्रंथ, पेन, डायरी आदि भेंट कर सम्मानित किया तथा सभी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घ आयु की कामना के साथ ससम्मान सेवानिवृत्त होने पर बधाई दी।
 
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षक अधिकारी शैलेश कुमार, विशिष्ट अतिथि वित्त एवं लेखाधिकारी अभिनय कुमार सिंह तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी रामू प्रसाद को, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री एवं ब्लॉक अध्यक्ष कलीमुल्लाह और प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार मिश्र ने फूलमाला पहनाकर बैज अलंकरण करने के पश्चात, शॉल तथा मोमेंटो के रूप में प्राकृतिक पुष्प के पौधे सहित बुद्ध की प्रतिमा, भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व माध्यमिक विद्यालय बर्डपुर के बालिकाओं द्वारा सरस्वती बंदना और स्वागत गीत की प्रस्तुति प्रशंसनीय रही।
 
उक्त समारोह का सफल आयोजन एवं  संचालन, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री एवं ब्लॉक अध्यक्ष कलीमुल्लाह ने किया। तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी रामू प्रसाद, प्राथमिक शिक्षक संघ बर्डपुर के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार मिश्र ने आए हुए सभी अतिथियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सबको धन्यवाद ज्ञापित किया।
 
कार्यक्रम के दौरान राजकीय इण्टर कॉलेज दुल्हा शुमाली के प्रधानाचार्य अजय कुमार श्रीवास्तव, जिला समन्वयक अमित कुमार शुक्ला, अभिनव श्रीवास्तव, अमित श्रीवास्तव, इश्तियाक अहमद, दुर्गेश आजाद, अब्दुल अज़ीज़, महेश कुमार, हीरामणि, केशव प्रसाद मिश्र, राम सेवक, ज़ुबैर अहमद उस्मानी, सालिक राम चौधरी, सेराज अहमद, शमशुल हक़, पंकज यादव, फौजिया नाज़, नगमा बानो, कामिनी गुप्ता, ममता श्रीवास्तव, आदि उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments