सड़क सुरक्षा समित की बैठक में जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश

Ambedkarnagar Swatantra Prabhat Picture
Published On

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न, सड़क सुरक्षा को लेकर दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश

अम्बेडकरनगर

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने एवं दुर्घटनाओं में और कमी लाने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
       बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग एवं अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद अकबरपुर को निर्देशित किया कि अकबरपुर में ओवरब्रिज के नीचे मार्ग को बेहतर गुणवत्ता के साथ बीटूमिनस रोड के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने पटेल नगर तिराहे से कटरिया याकूब तथा पटेलनगर से बसखारी मार्ग पर अतिक्रमण को चिन्हित कर नियमानुसार हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
       जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में कहीं भी अवैध कट न रहने पाए। यदि किसी स्थान पर अवैध कट पाया जाता है, तो उसे तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए इसे और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
        उन्होंने जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ‘गुड सेमेटीरियन’ (सड़क दुर्घटना में पीड़ितों की सहायता करने वाले व्यक्तियों) का चयन कर उन्हें सम्मानित किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों के वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने निर्देशित किया कि जिन विद्यार्थियों को अभिभावक निजी वाहनों से विद्यालय भेजते हैं, उनकी सूची प्राप्त कर उन वाहनों की भी फिटनेस सुनिश्चित की जाए।
       बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने उनके विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील किराए से फव्वारा तिराहे के मध्य स्थित नदी पुल के जॉइंट को एक सप्ताह के भीतर ठीक कराने तथा रेलवे ओवरब्रिज के जॉइंट्स की मरम्मत भी निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
       जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा अगली बैठक में प्रगति से अवगत कराया जाए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम), अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, एआरटीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विद्यालय संचालक उपस्थित रहे।

Post Comments

Comments