महिला कांग्रेस की मांग- कंगना रनौत को गिरफ्तार करो

राष्ट्रपति को कंगना से तत्काल पद्म सम्मान वापस लेना चाहिए।

बस्ती. 

अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा यह कहे जाने पर कि 1947 में मिली आजादी भीख में मिली थी असली आजादी तो 2014 में मिली को लेकर कांग्रेस कंगना रनौत पर हमलावर है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष शीला शर्मा ने अभिनेत्री कंगना रनौत को गिरफ्तार किये जाने की मांग करते हुये कहा कि उनसे पद्मश्री सम्मान वापस लिया जाना चाहिये

महिला कांग्रेस अध्यक्ष शीला शर्मा ने कहा, ‘कंगना रनौत का बयान महात्मा गांधी, पंडित नेहरू और सरदार पटेल जैसे स्वतंत्रता सेनानियों का ही नहीं, बल्कि सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों के बलिदान का भी अपमान है। राष्ट्रपति को कंगना से तत्काल पद्म सम्मान वापस लेना चाहिए। ऐसे सम्मान देने से पहले मानसिक हालात का आकलन होना चाहिए ताकि ऐसे लोगों को ये सम्मान नहीं मिले जो देश और उसके नायकों का अपमान करते हैं। महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष नीलम विश्वकर्मा ने कहा कि अभिनेत्री कंगना रनौत का बयान अचानक नहीं आया।

आर.एस.एस. और भाजपा के लोग स्वतंत्रता आन्दोलन को लेकर इतिहास बदलने का षड़यंत्र कर रहे हैं। कंगना का बयान सोची समझी साजिश का हिस्सा है। जो लोग अंग्रेजां के एजेन्ट के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे थे उन्हें स्वतंत्रता आन्दोलन के अमर बलिदानियों को अपमानित करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिये। 

महिला कांग्रेस की विनोद रानी आहूजा, कंचन विश्वकर्मा, राधा देवी, सुनीता सोनी, कमला गौड़, शकुन्तला देवी आदि ने अभिनेत्री कंगना रनौत के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये मांग किया है कि उनके विरूद्ध देश द्रोह का मुकदमा दर्ज कराकर पद्मश्री सम्मान वापस लिया जाय।

About The Author: Swatantra Prabhat