हाथी-घोड़े-ऊंट के साथ निकली भव्य 2100 कलश यात्रा

पुष्पवर्षा व जय श्रीराम के नारे से गूंजा माहौल

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बलरामपुर। जनपद के मधपुर पकड़ी गांव में आयोजित दस दिवसीय श्रीराम कथा के शुभारंभ पर मंगलवार को आस्था, उत्साह और भव्यता का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर 2100 कलशों के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। सुबह करीब 10 बजे कथा स्थल से शुरू हुई यह यात्रा सेमरी, बेलवा और बिस्कोहर बस स्टॉप होते हुए बूढ़ी राप्ती नदी के परसोहन घाट तक पहुंची। लगभग दो किलोमीटर लंबी शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने करीब सात किलोमीटर की पैदल दूरी तय की।
 
कलश यात्रा में महिलाओं और बालिकाओं की भागीदारी विशेष आकर्षण रही। सिर पर कलश धारण कर वे भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हुईं। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह राममय हो उठा।यात्रा में हाथी, घोड़े और ऊंट के साथ सुसज्जित रथों पर भगवान श्रीराम की मनोहारी झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं, हेलीकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
 
आयोजक धनीराम प्रजापति ने बताया कि श्रीराम कथा का आयोजन 30 अप्रैल तक चलेगा। कथा में अवधपुरी से पधारे जगतगुरु दिनेशाचार्य जी महाराज श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए जलपान की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।कार्यक्रम में पंडित दुर्गेश शुक्ला, पूर्व विधायक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, बिस्कोहर चेयरमैन अजय गुप्ता, फतेह बहादुर सिंह उर्फ पप्पू सिंह, नृपेन्द्र सिंह, रामनरेश पासवान, रक्षा राम प्रजापति, पंकज कुमार प्रजापति, धर्मेन्द्र शुक्ला, मनीराम प्रजापति, सियाराम प्रजापति सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
 
कार्यक्रम में विशेष रूप से विजय पाल प्रजापति (जिला मुख्य महासचिव, राष्ट्रीय प्रजापति महासभा) एवं दयाराम प्रजापति (जिला उपाध्यक्ष, भाजपा) की सक्रिय उपस्थिति चर्चा का विषय रही। इसके अलावा जानकी पाल (मंडल उपाध्यक्ष) एवं रामवेलास विश्वकर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments