निर्भया-2 हत्याकांड का हुआ खुलासा, इंसानियत शर्मसार, माँ ही निकली आरोपी, देश स्तब्ध

पुलिस अधीक्षक एवं उनकी टीम का कार्य काफी सराहनीय : टोनी जैन

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

हज़ारीबाग, झारखंड:- हजारीबाग के विष्णुगढ़ प्रखंड के कुसुम्भा गांव में सामने आए निर्भया-2 हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। जिस घटना को लेकर लगातार आंदोलन और आक्रोश जारी था, उसके खुलासे के बाद जो सच्चाई सामने आई है, उसने हर किसी को हतप्रभ कर दिया है। यह सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि मानवता पर गहरा धब्बा बनकर उभरा है। किसान मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता टोनी जैन ने इस मामले पर गहरी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिस तरह से पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस प्रशासन ने इस जटिल और गुमराह कर देने वाले मामले को सुलझाया है, वह सराहनीय है।
 
खासकर रामनवमी जैसे संवेदनशील त्योहार के दौरान संयम बनाए रखते हुए मामले का सफल उद्भेदन करना पुलिस की कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने पूरी टीम को इसके लिए बधाई दी। लेकिन इस घटना का सबसे भयावह पहलू यह है कि इस जघन्य अपराध में एक माँ का नाम सामने आया है। यह सुनकर समाज स्तब्ध है कि क्या कोई माँ इतनी क्रूर हो सकती है? जब रक्षक ही भक्षक बन जाए, तो समाज के सामने सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो जाता है। आखिर भरोसा किस पर किया जाए?
 
इस घटना ने अंधविश्वास और सामाजिक अज्ञानता की उस कड़वी सच्चाई को भी उजागर किया है, जो आज भी हमारे समाज में जड़ें जमाए हुए है। एक मासूम बच्ची की इस तरह बेरहमी से हत्या न सिर्फ कानून, बल्कि इंसानियत के खिलाफ अपराध है। टोनी जैन ने कहा कि यह घटना पूरे समाज के लिए चेतावनी है। अब समय आ गया है कि समाज जागरूक हो, अंधविश्वास से दूर रहे और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जाए।
 
उन्होंने मांग की कि इस मामले में शामिल सभी दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अपराधी का कोई धर्म, जाति या दल नहीं होता, हत्यारा सिर्फ हत्यारा होता है। समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आगे आना चाहिए। यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि इंसानियत को आईना दिखाने वाला सच है… सवाल यह है कि क्या अब भी समाज जागेगा?

About The Author

Post Comments

Comments