जिद्दी बनिए योग के लिए योगी संकटमोचन का 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर संदेश
योग को अपनी दैनिक आदत बनाएं साथ ही स्वस्थ और निरोगी बने सदर विधायक भूपेश चौबे
योगी संकटमोचन का 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर लोगों को दिया संदेश
अजीत सिंह/ राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र/उत्तर प्रदेश-
11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पतंजलि योगपीठ सोनभद्र के तत्वाधान में युवा भारत के जिला महामंत्री और सोशल मीडिया प्रभारी, योगी संकटमोचन ने एक अनूठा जागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने लगातार तीन स्थानों पर एक-एक घंटे का योग सत्र आयोजित कर इस महापर्व को मनाया और लोगों के बीच योग के महत्व का संदेश फैलाया।
योगी संकटमोचन का जनता जनार्दन से यह विनम्र निवेदन है कि योग सिर्फ एक दिन का विषय नहीं है। उनका कहना है कि एक दिन योग करने से कोई विशेष लाभ नहीं मिल सकता। यदि आपको योग से पूर्ण रूप से लाभान्वित होना है, तो इसे वर्ष भर–पूरे 365 दिन–अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा।
चाहे गर्मी हो, सर्दी हो या बरसात, किसी भी मौसम में आपको योग करना है। योगी संकटमोचन का मुख्य संदेश यह है कि हमें एक जिद्दी बालक की तरह योग को अपने जीवन में उतारना है। इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना है और दृढ़ संकल्प के साथ इसका अभ्यास करना है। पतंजलि योग शिक्षक और युवा भारत के प्रतिनिधि के रूप में योगी संकटमोचन लगातार ऐसे शिविरों का आयोजन कर लोगों में योग के प्रति जागरूकता फैला रहे हैं।
योगी संकटमोचन ने बताया कि योग के नियमित अभ्यास से कई प्रकार के रोगों को ठीक किया जा चुका है। उन्होंने कुछ प्रमुख रोगों का उल्लेख किया जिनमें योग से लाभ मिला है, जैसे गठिया,बादी,बवासीर,पेट दर्द,सिर दर्द,माइग्रेन, घुटनों का दर्द,कमर का दर्द,और ऐसे तमाम रोग हैं जो केवल योग के नियमित अभ्यास से ठीक हो रहे हैं। हालांकि, इन सभी के लिए आपको जिद्दी बनना होगा, अपनी दिनचर्या सुधारनी होगी और अपने खान-पान में सुधार करना होगा।
इस बात को सोनभद्र के सदर विधायक भूपेश चौबे जी ने भी सहमति प्रदान की है। उन्होंने स्वयं योग को अपने जीवन में उतारा है और योग तथा आयुर्वेद के माध्यम से अपने स्वास्थ्य को पूरी तरह ठीक किया है। श्री चौबे जी ने योग के महत्व को बताया और लोगों को भी समझाया कि वे योग और आयुर्वेद को अपने जीवन में अवश्य लागू करें। योगी संकटमोचन और विधायक भूपेश चौबे जी का यह साझा संदेश स्पष्ट है यदि आप स्वस्थ और निरोगी जीवन चाहते हैं, तो योग को अपनी दैनिक आदत बनाएं और एक जिद्दी संकल्प के साथ इसका पालन करें।


Comments