चांद का हुआ दीदार, आज मनाई जाएगी ईद, भीड़ से गुलजार रहे बाजार

चांद का हुआ दीदार, आज मनाई जाएगी ईद, भीड़ से गुलजार रहे बाजार



मेसरा, रांची, झारखंड :-

 मुकद्दस व पाक महीना माहे रमजान सोमवार को 30 रोजों के साथ मुकम्मल हो गया, और रोजे के बदले मुसलमानों को तोहफे में ईद की खुशियां मिलीं। सोमवार को ईद के चांद का दीदार होने के साथ ही फिजा में ईद मुबारक की सदाएं गूंज उठीं। चांद की तस्दीक होने के साथ ही ईद की अंतिम तैयारियों ने जोर पकड़ लिया। बाजारों की रौनक दोगुनी हो गई। ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज की तैयारियां पूरी कर ली गईं।

चांद की तीस तारीख होने की वजह से मगरिब के बाद लोग अपने-अपने मकान की छतों पर से ईद का चांद देखने को बेताब दिखे। बच्चे, नौजवान सभी आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए थे। एक दूसरे से पूछते नजर आए ईद का चांद दिखा क्या। चांद के तस्दीक होने के साथ ही सभी ने हाथ उठाकर ईद का त्योहार सही सलामत मनाए जाने की दुआ मांगी।मगरिब की नमाज के बाद तमाम अंजुमन कमेटी की जानिब से मस्जिद में चांद का ऐलान किया गया।


   चांद रात में बाजार भी गुलजार रहे

चांद रात में जमकर हुई खरीदारी

उधर ईद का चांद नजर आते ही रोजा इफ्तार के बाद बाजार में चहल-पहल बढ़ गई। अभी तक जिन लोगों की खरीदारी कुछ शेष रह गई थी, उन्होंने चांद रात को जमकर खरीदारी की। किसी ने सेवई की खरीदारी की तो किसी ने कपड़े की। कोई कुर्ता पाजामा तो कोई जूते मोजड़ी खरीदते नजर आया।

चांद रात होने की वजह से बाजार में काफी भीड़ रही। सबसे अधिक भीड़ मुस्लिम बाहुल्य बाजार ईरबा में देर रात तक रही। इसके अलावा बीआईटी चौक, विकास चौक नेवरी सहित सभी मुस्लिम इलाकों में रात भर बधाई देने और खरीदारी करने का दौर चलता रहा। ऐसे में राजधानी राँची समेत संपूर्ण ग्रामीण क्षेत्र में मेले जैसा माहौल रात भर रहा।

 बीआईटी मेसरा ओपी थाना क्षेत्र के मस्जिदों व ईदगाहों में ईद की नमाज का समय - जामा मस्जिद केदल - 8:30 बजे, चुट्टू ईदगाह - 8:00 बजे, फुरहुरा टोला मस्जिद- 8:30 बजे, बड़ी मस्जिद नेवरी - 8:30 बजे, मस्जिद ए सहाबा नेवरी - 8:30 बजे, खदीजातुल कुबरा सीरत नगर नेवरी 8:30 बजे, मस्जिदे नबा नेवरी व मस्जिदे अबूबकर महुआ टोला नेवरी सहित संपूर्ण कांके प्रखंड तथा ओरमांझी प्रखंड के तमाम मस्जिदों व ईदगाहों में इसी तरह सुबह 7:30 बजे से 8:30 बजे तक में ईद की नमाज अदा की जाएगी।

About The Author: Swatantra Prabhat