सीपी ने दिये चुनाव के मद्देनजर पुलिस को सख्त निर्देश 

हिस्ट्रीशीटर की लिस्ट बनाकर उनके क्रियाकलापों पर निगाह रखने के निर्देश, सचेडी थाना क्षेत्र में सीसीटीवी से निगरानी  की जाए - पुलिस आयुक्त 

कानपुर।
 
पुलिस आयुक्त कानपुर नगर  अखिल कुमार द्वारा थाना संचेडी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में थाने के अभिलेखों, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस व त्यौहार रजिस्टर एवं चुनाव रजिस्टर आदि चेक किये गये तथा स्वंतत्र थाना प्रभारी डॉ. अमोल मुरकुट ( प्रशिक्षु आई.पी.एस. ) से क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों के क्रियाकलापों की वर्तमान स्थिति व निगरानी के बारे में जानकारी की गई साथ ही लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 को देखते हुए बीट उप निरीक्षक,बी.पी.ओ. से वार्ता कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। 
 
 
             पुलिस आयुक्त ने कहा कि क्षेत्र के संवेदनशील / अति संवेदनशील मतदान केन्द्रो/ पोलिंग बूथों की समीक्षा कर ली जाए तथा संवेदनशीलता के कारणों का परीक्षण करते हुए चुनाव में गड़बड़ी करने वाले अराजक तत्वों को चिन्हित कर लिया जाए। थानाक्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले विभिन्न महत्वपूर्ण मार्गों पर अतिक्रमण हटवाकर यातायात व्यवस्था बनाये रखी जाए किसी भी परिस्थिति में जाम न लगने पाये। 
 
           इसके साथ ही स्थानीय व्यक्तियों से जनसंवाद स्थापित करते हुए ऑपरेशन त्रिनेत्र के अन्तर्गत सभी चौराहों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर त्रिनेत्र अम्बेसडर एवं त्रिनेत्र मित्र के सहयोग से कैमरों को स्थापित कराने की कार्यवाही की जाए। आगामी त्योहारों को सकुशल एवं शांति पूर्ण माहौल मे मनाने हेतु आम जनमानस से अपील की गयी। निरीक्षण के समय पुलिस उपायुक्त पश्चिम श्री विजय ढुल, अपर पुलिस उपायुक्त श्री विजेन्द्र द्विवेदी, सहायक पुलिस आयुक्त पनकी श्री तेज बहादुर सिंह मौजूद रहे । 

About The Author: Swatantra Prabhat UP