सौहार्द के माहौल में हुई अलविदा जुमे की नमाज

-सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किये गये थे इंतजाम

मथुरा। अलविदा जुमे की नमाज शुक्रवार को अदा की गई। इस दौरान मस्जिदों में नमाजियों ने देश में अमन चैन के लिए दुआ की। इस दौरान मथुरा स्थित शाही ईदगाह मस्जिद पर नमाज को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद इंतजाम किये गये थे। सुबह के समय जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पंडेय द्वारा शाही ईदगाह मस्जिद पर जुमे की नमाज पढ़े जाने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था एवं कानून व्यवस्था का जायजा लिया गया।

अधिकारियों ने अलविदा जुमा के अवसर पर कानून एवं शांति व्यवस्था के दृश्टिगत डीग गेट सहित अन्य स्थानों का भ्रमण कर जायजा लिया। संभ्रांत व्यक्तियों से मुलाकात कर विभिन्न सुझावों पर चर्चा की। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ  पुलिस अधीक्षक ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ पैदल गश्त की। मथुरा ऐसा जनपद हैं, जहां पर सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर सभी पर्व मनाते हैं और दुनियाभर में  शांति का संदेश देते हैं। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि जुमा की आखरी नमाज शांति पूर्वक संपन्न हुई।

नामाजियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई। सभी नामाजियों ने अपने अपने गंतव्य स्थान पर ही नामाज पढ़ी है। पुलिस एवं प्रशासन सभी पर्वों को शांति, सौहार्द एवं प्रेम के साथ संपन्न कराने हेतु कटिबद्ध है। शाही ईदगाह मस्जिद पर सकुशल अलविदा जुमे की नमाज पढ़ी गई। इसके अलावा मुख्य रूप से चौक स्थित जामा मस्जिद में भी बडी संख्या में नमाजी पहुंचे। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी इन दोनों प्रमुख मस्जिद के आसपास अलविदा जुमे की नमाज के वक्त भ्रमण करते रहे।

देहात क्षेत्रों में भी मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की गई। महावन, राया, कोसीकला आदि क्षेत्रों में भी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखी। वहीं नगर निगम, नगर पालिका तथा नगर पंचायतों ने इस अवसर पर साफ सफाई के विशेष प्रबंध किये थे। मस्जिदों को जाने वाले रास्तों और मस्जिदों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान जामा मस्जिद और ईदगाह मस्जिद के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।


About The Author: Abhishek Desk