जन-शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं।

 123 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से 07 शिकायतों को मौके पर किया गया निस्तारित।

स्वतंत्र प्रभात
ब्यूरो प्रयागराज।
 
जिलाधिकारी  नवनीत सिंह चहल की अध्यक्षता में शनिवार को सदर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने लोगों की शिकायतों को सुनते हुए राजस्व, पुलिस एवं अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिये हैं साथ ही साथ उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि शिकायतों के निस्तारण से शिकायतकर्ता को संतुष्ट भी होना चाहिए। जिलाधिकारी ने प्रार्थना पत्रों की समयबद्ध जांच, कार्रवाई एवं समस्याओं के निस्तारण के लिए निर्देशित किया साथ ही अधिकारियों को चेतावनी दी कि निस्तारण में विलम्ब पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जन-शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले बिंदुओं में से एक है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार्य नहीं है।
 
     सम्पूर्ण समाधान दिवस पर कुल 123 शिकायतें आयीं, जिनमें से 07 शिकायतों को मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण हेतु सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को आज ही अपने विभागों से सम्बंधित शिकायती प्रार्थना पत्रों को प्राप्त करते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिये है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर श्री मदन कुमार, उपजिलाधिकारी सदर सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

About The Author: Swatantra Prabhat UP