उमेश पाल हत्याकांड में मामले फरार  पांच लाख के इनामी  अरमान बिहारी का मकान कुर्क!

स्वतंत्र प्रभात।
प्रयागराज।
 
उमेश पाल हत्याकांड मामले में फरार चल रहे पांच लाख के इनामी शूटर अरमान के मकान को बृहस्पतिवार को पुलिस ने कुर्क कर दिया। सिविल लाइंस इलाके में स्थित अरमान के मकान को पुलिस ने मुनादी कराने के बाद कुर्क किया। पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। इस दौरान कई थानों की पुलिस के साथ ही अतिरिक्त फोर्स को तैनात किया गया था।
 
मूल रूप से बिहार के गया का रहने वाला अरमान शहर के सिविल इलाके में पैलेस सिनेमा के पीछे अपनी बुआ के घर रहता था। वह अतीक अहमद का खास गुर्गा था। उमेश पाल की हत्या के दौरान वह ताबड़तोड़ गोलियां चलाते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। घटना के बाद से ही वह फरार हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग न लगने पर उसके ऊपर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। कई राज्यों में तलाश के बाद भी वह पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। अदालत के आदेश पर पुलिस ने उसके मकान को कुर्क कर दिया।
 

नफीस बिरयानी के इशारे पर 2017 में की थी दुस्साहसिक वारदात

 
17 सितंबर 2017 को उसने नफीस के इशारे पर ही एक दुस्साहसिक वारदात की थी। उसने सिविल लाइंस में दिनदहाड़े हत्या की नीयत से सोडा पानी विक्रेता रंजीत कुमार सोनकर पर गोली चला दी थी। बहुगुणा मार्केट निवासी रंजीत दोपहर एक बजे के करीब कामधेनु स्वीट्स के पास अपनी दुकान पर था। आरोप है कि तभी वहां अरमान व 5-6 अन्य लोगों संग पहुंचे नफीस ने कट्टा सटाकर गालीगलौज करते हुए पहले उसे जमकर पीटा। इसके बाद अरमान ने गोली चला दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से सनसनी फैल गई थी।
 
 

About The Author: Swatantra Prabhat UP