केपी ट्रस्ट चुनावः। 32 बूथों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू, 35 हजार मतदाता हैं पंजीकृत!

स्वतंत्र प्रभात।
प्रयागराज।
 
एशिया के सबसे बड़े शैक्षणिक ट्रस्ट कायस्थ पाठशाला के चुनाव के लिए सोमवार की सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। इस बार कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच 32 बूथों पर 35 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
 
अध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशी मैदान में हैं। जबकि कार्यकारिणी सदस्य के 20 पदों पर 60 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।केपी ट्रस्ट के चुनाव में किला बचाने और किला ढहाने की लड़ाई में रविवार की देर रात तक मतदाताओं को अपने पाले में करने की जोर आजमाइश होती रही। इस बार पूर्व अध्यक्ष राघवेंद्र नाथ सिंह और डॉ. सुशील सिन्हा के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। दोनों के समर्थकों ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है।
 
पांच वर्ष के लिए होने वाले केपी ट्रस्ट के चुनाव के लिए रिटायर्ड पुलिस अफसर पीके सक्सेना को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। केपी इंटर कॉलेज में 32 बूथों पर सीटीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मतदान के लिए देश भर से मतदाता यहां पहुंच गए हैं। विदेशों में रहने वाले सौ से अधिक मतदाता भी यहां आ गए हैं और वह अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
 
इस बार निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी बूथों पर मतदान प्रक्रिया की रिकार्डिंग कराई जा रही है। केपी ट्रस्ट के सभी मतदाताओं को ट्रस्ट की ओर से पहचान पत्र जारी किया गया । बिना पहचान पत्र के कोई भी मतदान स्थल पर प्रवेश नहीं कर पा रहा है। जिन मतदाताओं के पास पहचान पत्र नहीं है वह हेल्पलाइन की मदद से पर्ची बनवा रहे हैं।
 

मतदान के लिए आधार कार्ड दिखाना अनिवार्य

 
मतदान के लिए आधार कार्ड साथ रखना अनिवार्य किया गया है। जिनके पास आधार कार्ड नहीं होगा, उन्हें मतदाता पहचान पत्र, पेन कार्ड, पासपोर्ट दिखाना होगा। इसके बिना कोई भी मतदाता मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सकेगा।

About The Author: Swatantra Prabhat UP