विकासखंड अमानीगंज : सांसद खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ

 
                        निज संवाददाता
             कुमारगंज [अयोध्या]।
 
विकासखंड मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में शनिवार को दो दिवसीय सांसद खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ। मुख्य अतिथि सांसद लल्लू सिंह ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के पहले दिन दौड़, खो खो, कबड्डी के लीग मुकाबले खेले गए। बेहतर प्रदर्शन करते हुए मांझगांव की टीम ने खो-खो के बालक व बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला जीता।   
 
                   प्रतियोगिता में अमानीगंज ब्लाक के ग्रामीण क्षेत्र की 3 दर्जन से अधिक टीमें प्रतिभाग कर रहीं हैं।मुख्य अतिथि सांसद लल्लू सिंह ने उद्घाटन मुकाबले में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। बालिका वर्ग के खो-खो प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कंपोजिट विद्यालय मांझगांव व कंपोजिट विद्यालय खंडासा के मध्य खेला गया जिसमें कंपोजिट विद्यालय मांझगांव की टीम ने जीत दर्ज की।         
 
        बालक वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कंपोजिट विद्यालय मांझगांव व शिवपुरी इण्टर कॉलेज के मध्य खेला गया। जिसे कंपोजिट विद्यालय मांझगांव की टीम ने जीता। 100 मीटर दौड़ में कंपोजिट विद्यालय खंडासा की शाहजहां ने पहला स्थान प्राप्त किया।
             पुरुष कबड्डी का क्वार्टर फाइनल मुकाबला राम नेवाज महाविद्यालय कुमारगंज और संत भीखादास इंटर कॉलेज मोहली के बीच खेला गया जिसे राम नेवाज महाविद्यालय ने जीता। पहले दिन दो दर्जन टीमों ने दौड़, कबड्डी व खो-खो प्रतियोगिता का लीग मुकाबला खेला। रविवार को प्रतियोगिता के अंतिम दिन सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। 
 
           प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर अमानीगंज के प्रमुख प्रतिनिधि पवन सिंह, आयोजन समिति के अध्यक्ष राम वचन नायक, आयोजन सचिव दुर्गेश कुमार, व्यायाम शिक्षक सर्वजीत सिंह, बदरे आलम, विपिन सिंह, वसीम खान, उत्तम सिंह, शिक्षक बंशीधर द्विवेदी, बेसिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह, ब्रह्म प्रकाश शुक्ला, सर्वेश तिवारी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

About The Author: Swatantra Prabhat UP