फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी पर सफाईकर्मी बर्खास्त

देवरिया 7 नवंबर। जिला पंचायत राज अधिकारी सर्वेश पाण्डेय ने बताया है कि सफाईकर्मी कांति देवी को जांचोपरांत फर्जी दस्तावेज के आधार पर नौकरी पाने की पुष्टि होने पर नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कांति देवी ने नियम विरूद्ध फर्जी कागजात शैक्षिक प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र लगाकर सफाई कर्मी की नौकरी प्राप्त करने का आपराधिक कृत्य किया है जिसके लिये वे पूर्ण रूप से दोषी हैं।
 
डीपीआरओ ने बताया है कि अभिलेखानुसार कांति देवी को वेतन एवं अन्य मदों में पचपन लाख पैंतीस हजार तीन सौ तेईस रूपए का भुगतान किया गया है। कांति देवी को निर्देशित किया गया है कि  शासकीय धनराशि जिला कोषागार के सम्बन्धित हेड में पत्र प्राप्ति के एक पक्ष के अन्दर जमा कराते हुए जमा रसीद जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करें। अन्यथा उनसे उक्त धनराशि की वसूली राजस्व वसूली की भांति की जायेगी जिसका सम्पूर्ण उत्तदायित्व कान्ती देवी का होगा।
 
डी पी आर ओ ने सहायक विकास अधिकारी पंचायत विकास खण्ड रुद्रपुर को निर्देशित किया है कि वे पत्र प्राप्ति के तीन दिवस के अन्दर कांति देवी के विरूद्ध सुसंगत धाराओं में सम्बन्धित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए उसकी सूचना कार्यालय मेंउपलब्ध कराएं।

About The Author: Abhishek Desk