मिल्कीपुर: बारिश से खिले किसानों के चेहरे, फसलों को मिली संजीवनी

स्वतंत्र प्रभात 

मिल्कीपुर,अयोध्या।मिल्कीपुर क्षेत्र सहित समूचे जिले में मंगलवार की सुबह से हो रही बारिश से किसानों के चेहरे पर खुशी नजर आई,भीषण गर्मी से लोगों को निजात मिली। धान व गन्ने की सूखती फसलो को संजीवनी मिल गई है। बारिश न होने के कारण किसान मायूस दिख रहे थे, लेकिन मंगलवार की सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला, आसमान में काले बादल छा गए और झमाझम बारिश शुरू हो गई। मिल्कीपुर, इनायत नगर, कुचेरा, बारुन, हैरिंग्टनगज, अमानीगंज अमर गंज खंडासा कुमारगंज सहित आसपास के इलाके में सुबह से ही मध्यम वर्षा हो रही है। जिससे किसानों के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा सकती है।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ सीताराम मिश्रा ने बताया कि 23 व 27 अगस्त में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मध्यम से घने बादल छाए रहने एवं हल्की से मध्यम बर्षा होने की संभावना है। मंगलवार का अधिकतम तापमान (डिग्री से०) : 32.0 (-0.6) न्यूनतम तापमान (डिग्री से०) : 26.0 (+0.2) सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम : 97 प्रतिशत, सापेक्षिक आर्द्रता न्यूनतम : 77 प्रतिशत, हवा की गति : 1.9 कि०मी०/ घंटा, हवा की दिशा : उत्तरी-पश्चिमी वर्षा : 21.0 मि०मी०नाप की गई। अधिकतर किसान कृषि मानसून के मौसम पर निर्भर है क्योंकि किसान मैन्युअल सिंचाई के आधुनिक तरीकों से सुसज्जित नहीं हैं । वे अभी भी अपनी फसलों की सिंचाई के लिए मानसून की बारिश पर निर्भर हैं। देश में अच्छी मानसूनी बारिश के कारण फसलों की अच्छी पैदावार होने से भारतीय अर्थव्यवस्था को लाभ होता है।

About The Author: Swatantra Prabhat UP