मसाले की खेती से किसानों को अच्छा मुनाफा-  कृषि वैज्ञानिक

 स्वतंत्र प्रभात 
 
मिल्कीपुर, अयोध्या।आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय द्वारा मसाला एवं सगंध पौध की जैविक खेती विषय पर कामाख्या धाम, अयोध्या में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। मिशन एकीकृत औद्योगिक विकास योजना अंतर्गत यह प्रशिक्षण कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशन में किया गया।
शिविर में किसानों को जानकारी देते हुए उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डा. संजय पाठक ने कहा कि मसाला खेती के प्रति प्रदेश के किसानों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। अदरक एवं हल्दी की वैज्ञानिक तरीके से खेती कर किसान लाभ प्राप्त कर सकते हैं। डा. पाठक ने बताया की किसान लहसुन की खेती भी कर सकते हैं जिसका प्रयोग मसाला बनाने के लिए किया जाता है। लहसुन इम्युनिटी बढ़ाने के लिए बहुत ही लाभकारी माना जाता है। 
        प्राध्यापक डा. जी.सी यादव ने किसानों को पौधों में लगने वाली बीमारियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मसाला पौधों में बीमारी लगने के बाद उसकी गुणवत्ता भी घट जाती है और निर्यात भी प्रभावित होता है। उन्होंने बताया की इन पौधों में होने वाली बीमारी प्रकोप किसी भी अवस्था में हो सकता है। प्रशिक्षण में 75 से अधिक किसानों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का आयोजन परियोजना के मुख्य अन्वेषक डा. राम सुमन मिश्रा के नेतृत्व में किया गया।

About The Author: Swatantra Prabhat UP