खेत में पानी भरने का विरोध करने पर महिला को निर्वस्त्र कर पीटा

नरैनी कोतवाली क्षेत्र के एक मुहल्ले का मामला

स्वतंत्र प्रभात

बांदा। चने के खेत में खानदानियों ने ट्यूबवेल के माध्यम से पानी भर दिया। महिला ने इसका विरोध किया। इसी से नाराज होकर खानदानियों ने महिला को खेत में ही निर्वस्त्र कर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया। घायल महिला का कहना है कि आरोपियों ने उसके साथ अश्लील हरकतें भी की हैं। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

नरैनी कोतवाली क्षेत्र के एक मुहल्ले की रहने वाली 42 वर्षीय महिला दो दिन पहले खेत हरियाली तोड़ने गई थी। खानदान के ही लोगों ने उसके चने के खेत में पानी भर दिया था। महिला ने इसका विरोध किया। इसी से नाराज होकर पिता-पुत्र ने महिला को खेत में निर्वस्त्र कर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। महिला का आरोप है कि उसके साथ दोनो लोगों ने अश्लील हरकतें भी की हैं। शोरशराबा सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़ पड़े। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

ग्रामीणों ने महिला को कपड़े आदि देकर उसकी इज्जत बचाई। घायल महिला ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सोमवार को घायल का महिला अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया गया। कोतवाली प्रभारी मनोज शुक्ला ने बताया कि महिला की तहरीर पर पिता पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

About The Author: Abhishek Desk