सपा का ऐलान, सरकार बनते ही सभी महिलाओं के खाते में हर महीने आएंगे डेढ़ हजार रुपये

सपा का ऐलान, सरकार बनते ही सभी महिलाओं के खाते में हर महीने आएंगे डेढ़ हजार रुपये


स्वतंत्र प्रभात 

पुनीत कुमार 

भाजपा की सरकार में लोगों में दहशत, महंगाई व अपराध बढ़े हैं। यदि सपा की सरकार बनी तो प्रदेश को भयमुक्त बनाने के साथ ही सभी महिलाओं के खातों में प्रति माह डेढ़ हजार रुपये पेंशन दिया जाएगा। यह बातें समाजवादी पार्टी महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने कही। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर रविवार को किसान इंटर कालेज भंभुआ में समाजवादी पार्टी की सभा आयोजित की गई। अध्यक्षता महफूज खां व संचालन फहीम अहमद पप्पू ने किया।

सभा को सम्बोधित करते हुए वह भाजपा सरकार पर जमकर बरसीं। उन्होंने कहा कि यह सरकार मायावी, बहरुपिया व झूठे लोगों की है। यह कहते कुछ हैं और करते कुछ और हैं। पूरे प्रदेश में हत्या, लूट, छिनैती, दुष्कर्म व आतंक फैला है। व्यापारी व बेटियां-महिलाएं अपने को असुरक्षित महसूस कर रहीं हैं। कहा कि 2022 में निश्चित रूप से सपा की सरकार बनेगी। हमारी सरकार समाजवादी पेंशन के रूप में सभी महिलाओं के खाते में प्रतिमाह 1500 रुपया भेजेगी।

पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह ने भाजपा सरकार को हर मोड़ पर फेल बताया। कहा कि कोरोना महामारी के दौरान अस्पतालों में लोगों को दवा व आक्सीजन नहीं मिला। आईटीआई, पालीटेक्निक बन्द पड़े हैं, डीजल, पेट्रोल व सरसो के तेल सहित अन्य दैनिक उपयोगी सामान की कीमत आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा के नेता जनता की सेवा करना अपना कर्तव्य समझते हैं। इस दौरान आनन्द स्वरूप यादव, शमीम अहमद अच्छन, सिद्धार्थ सिंह, जगपाल सिंह, वासुदेव मिश्र, टिंटू सिंह आदि नेताओं ने सभा को सम्बोधित किया। इस मौके पर कामेश प्रताप सिंह, चंद्रेश प्रताप सिंह, अकबाल रजा कुरेशी, दीपक कुमार यादव, जाहिद हुसैन व अनिल सिंह आदि मौजूद रहे।

About The Author: Swatantra Prabhat