कटान की स्थिति, जनसुविधाओं तथा तैयारियों का लिया जायजा; अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
अम्बेडकरनगर।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने मुख्य विकास अधिकारी आनंद शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी टांडा सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ निचले क्षेत्र उल्टहवा माझा का स्थलीय भ्रमण कर कटान की स्थिति तथा जनसामान्य की सुरक्षा एवं सुविधाओं के दृष्टिगत की गई तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी के जलस्तर एवं कटान की स्थिति को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित रखी जाएं तथा क्षेत्र में सतत निगरानी बनाए रखते हुए किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर आवश्यक संसाधनों एवं सुविधाओं की उपलब्धता बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय उल्टहवा माझा का निरीक्षण कर साफ-सफाई, मध्यान्ह भोजन, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की उपस्थिति सहित विद्यालय में उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए अध्यापकों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालय एवं गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर बच्चों तथा आवश्यकता के अनुसार ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत आवश्यकतानुसार चिकित्सीय सुविधा, दवाएं एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने तथा ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में पशुओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से समयबद्ध टीकाकरण एवं अन्य आवश्यक पशु चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने वर्षा एवं जलभराव की स्थिति में संचारी रोगों की रोकथाम हेतु क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई रखने, फॉगिंग, एंटी लार्वा का छिड़काव एवं आवश्यकतानुसार चूना आदि का छिड़काव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करने और क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते रहें।


Comments