मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अश्वनी कुमार जैन को गोरखपुर में राज्य अध्यापक पुरस्कार से किया सम्मानित

फिरोजाबाद के लिए गौरव का क्षण, श्री महावीर दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज सिरसागंज के नागरिक शास्त्र प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में राज्य अध्यापक पुरस्कार से किया सम्मानित।

विवेक शर्मा Picture
Published On

फिरोजाबाद:-

राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर जनपद फिरोजाबाद के माध्यमिक शिक्षा विभाग के लिए गौरव का क्षण रहा। महावीर दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज के नागरिक शास्त्र प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, गोरखपुर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें प्रमाण पत्र, 25 हजार रुपये की धनराशि का चेक एवं मां सरस्वती की प्रतिमा प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह में प्रदेश के कुल 81 शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिसमें बेसिक शिक्षा विभाग के 61 तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक शामिल रहे। अश्वनी कुमार जैन जनपद फिरोजाबाद के माध्यमिक शिक्षा विभाग से राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रथम शिक्षक हैं। उनकी इस उपलब्धि से माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं जनपद में हर्ष का माहौल है।

20 वर्षों से अधिक का शिक्षण अनुभव

अश्वनी कुमार जैन पिछले 20 वर्षों से अधिक समय से शिक्षण कार्य से जुड़े हुए हैं। उन्होंने 3 अप्रैल 2006 को महावीर दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज में सहायक अध्यापक विज्ञान के पद पर अपनी सेवाएं शुरू की थीं। इसके बाद उनकी पदोन्नति नागरिक शास्त्र प्रवक्ता के पद पर हुई।

अपने दीर्घ शिक्षण अनुभव के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को रुचिकर एवं प्रभावी ढंग से पढ़ाने के साथ-साथ उनमें रचनात्मकता, सक्रियता, तार्किक क्षमता, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए निरंतर कार्य किया।

बीएस मार्शल आर्ट एकेडमी के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन, सारांश ने जीता रजत पदक और भव्या का एसजीएफआई नेशनल के लिए चयन Read More बीएस मार्शल आर्ट एकेडमी के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन, सारांश ने जीता रजत पदक और भव्या का एसजीएफआई नेशनल के लिए चयन

नागरिक शास्त्र शिक्षण में किए अभिनव प्रयोग

अश्वनी कुमार जैन ने नागरिक शास्त्र विषय को विद्यार्थियों के लिए रुचिकर और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए कई अभिनव प्रयोग किए। उनके प्रयासों से जनपद में प्रथम नागरिक शास्त्र मेला, भारतीय संसद का मॉडल निर्माण, संविधान की प्रस्तावना का पाठ, संविधान क्विज एवं संविधान पोस्टर प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा पैनल बोर्ड के माध्यम से वीडियो द्वारा अध्ययन, संसद की कार्यवाहियों का प्रदर्शन, टीएलएम के माध्यम से शिक्षण, न्यून अधिगम वाले विद्यार्थियों का चिन्हांकन एवं उपचारात्मक शिक्षण तथा आईसीटी के प्रयोग को शिक्षण प्रक्रिया से जोड़ा गया।

मानदेय को लेकर बैंक सखी और आजीविका सखियों ने विधायक के सामने उठाया मामला Read More मानदेय को लेकर बैंक सखी और आजीविका सखियों ने विधायक के सामने उठाया मामला

उनका उद्देश्य विद्यार्थियों को नागरिक शास्त्र विषय की पढ़ाई के साथ प्रशासनिक एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सक्षम बनाना है। उनका मानना है कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और व्यावहारिक ज्ञान भी विकसित होना चाहिए।

समाधान दिवस में दो मामले आए Read More समाधान दिवस में दो मामले आए

सामाजिक एवं राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भी सक्रिय भूमिका

अश्वनी कुमार जैन विद्यालय की विभिन्न प्रतियोगिताओं, महापुरुषों की जयंती एवं राष्ट्रीय पर्वों के आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने मंच संचालन के साथ-साथ स्वच्छ भारत अभियान, वृक्षारोपण, सड़क सुरक्षा, मेरी माटी मेरा देश, आजादी का अमृत महोत्सव सहित अनेक कार्यक्रमों में योगदान दिया। नगर पालिका परिषद सिरसागंज के स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में भी उन्होंने स्वच्छता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। विद्यार्थियों को संसद, चुनाव एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ सामाजिक कार्यों के प्रति जागरूक करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

विज्ञान के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान

नागरिक शास्त्र के साथ-साथ विज्ञान के क्षेत्र में भी अश्वनी कुमार जैन का उल्लेखनीय योगदान रहा है। जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक के रूप में उन्होंने विद्यालय सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों में एक हजार से अधिक विज्ञान प्रदर्शनियों एवं गतिविधियों का आयोजन कराया। शिक्षा, विज्ञान, स्वच्छता, पर्यावरण, सामाजिक जागरूकता एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें समय-समय पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा विभिन्न उपाधियों और प्रशंसा पत्रों से सम्मानित किया गया। परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में उनके योगदान के लिए देश के प्रधानमंत्री की ओर से भी उन्हें प्रशंसा पत्र प्राप्त हो चुका है।

कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

राज्य अध्यापक पुरस्कार समारोह में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, माध्यमिक शिक्षा मंत्री श्रीमती गुलाब देवी, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, शिक्षक एमएलसी ध्रुव कान्त त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष गोरखपुर, महापौर गोरखपुर, विधायक गोरखपुर ग्रामीण सहित विधायकगण, महिला आयोग की उपाध्यक्ष, अपर मुख्य सचिव शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा, महानिदेशक शिक्षा श्रीमती मोनिका रानी, निदेशक माध्यमिक शिक्षा प्रताप सिंह सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अश्वनी कुमार जैन की यह उपलब्धि जनपद फिरोजाबाद के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है और माध्यमिक शिक्षा विभाग के लिए गौरव का विषय है।

Post Comments

Comments