शिक्षक राष्ट्र और समाज की नींव, बच्चों के भविष्य निर्माण का पवित्र दायित्व: डीएम
कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को किया गया सम्मानित
फ़िरोज़ाबाद -
शिक्षक दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मेयर कामिनी राठौर एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल की उपस्थिति में जनपद के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
शिक्षक और छात्र का संवाद जीवन पर छोड़ता है अमिट छाप
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि समाज में शिक्षकों के प्रति सम्मान और निष्ठा लगातार बढ़ी है, जिसके लिए शिक्षक स्वयं बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि अन्य पेशों और प्रशासनिक पदों की तुलना में शिक्षकों के पास मां सरस्वती की कृपा से स्वतंत्रता एवं सम्मानपूर्वक अध्यापन कराने का अनूठा अवसर होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक और छात्र के बीच संवाद, अनुशासन एवं स्नेह विद्यार्थी के जीवन पर अमिट छाप छोड़ता है। शिक्षक केवल शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिक्षण कार्य देश के भविष्य निर्माण का पवित्र दायित्व: डीएम
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षण कार्य केवल एक विषय नहीं, बल्कि देश और समाज के भविष्य का निर्माण करने का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं पवित्र दायित्व है।
उन्होंने कहा कि समारोह में दिया जाने वाला सम्मान प्रतीकात्मक है और इसके माध्यम से जनपद के सभी शिक्षकों का सम्मान निहित है। प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा को उन्होंने बच्चों के जीवन और भविष्य की ‘फाउंडेशन स्टोन’ बताते हुए कहा कि इसी मजबूत नींव पर आगे चलकर बच्चे प्रशासनिक, वैज्ञानिक, तकनीकी एवं अन्य क्षेत्रों में सफलता की ऊंचाइयां प्राप्त करते हैं।डीएम ने शिक्षकों से विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने का आह्वान किया, ताकि जनपद के बच्चे देश-दुनिया के विद्यार्थियों के साथ किसी भी मंच पर प्रतिस्पर्धा कर सकें।
सप्ताह में दो घंटे श्रमदान का किया आह्वान
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री के स्वच्छता संबंधी संकल्प को दोहराते हुए शिक्षकों से प्रति सप्ताह दो घंटे श्रमदान के माध्यम से विद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित रखने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों को स्मार्ट क्लास का प्रभावी उपयोग करने, निरंतर नया सीखने तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों का पूरा लाभ उठाकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षक की जिम्मेदारी सबसे अधिक: मेयर
मेयर कामिनी राठौर ने कहा कि शिक्षक समाज के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में गलती का प्रभाव अलग-अलग स्तर पर दिखाई देता है, लेकिन एक शिक्षक की गलती का प्रभाव पूरे समाज और राष्ट्र के भविष्य पर पड़ सकता है। इसलिए शिक्षकों की जिम्मेदारी राष्ट्र और समाज के प्रति सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को बेहतर संस्कार, शिक्षा और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में मार्गदर्शन देने का आह्वान किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान
समारोह के दौरान माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. सुनील यादव, प्रधानाचार्य राजकीय हाई स्कूल नगला पट्टी, डॉ. सीमा यादव, प्रधानाचार्य राजकीय हाई स्कूल कोडरा, योगेंद्र सिंह, सहायक अध्यापक राजकीय हाई स्कूल नारखी, शिवांगी लवानिया, सहायक अध्यापक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टूण्डला, यतेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य दीनबंधु इंटर कॉलेज उसायनी, हिमांशु शर्मा, प्रवक्ता डीएवी इंटर कॉलेज, महेश चंद दुबे, प्रहलाद टीकमानी इंटर कॉलेज, नारायण सिंह, प्रवक्ता पुरातन सरस्वती बी.एम. इंटर कॉलेज तथा हरेंद्र सिंह, प्रवक्ता डायट आदि शामिल रहे।
प्राथमिक शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक भी सम्मानित
जनपद स्तर पर शिक्षक दिवस कार्यक्रम में विकासखंड स्तर से उत्कृष्ट शिक्षण के लिए चयनित शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इनमें रश्मि सिंह, प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय कारीखेड़ा, दीपक बंसल, प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय सोफीपुर, अखिलेश कुमार, प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय दिनौली गोरवा तथा नेहा सक्सैना, सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय चंदवार गेट शामिल रहीं।
इसके अलावा विशेष साफ-सफाई अभियान में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों में विनोद कुमार, प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर, मनोज कुमार, उच्च प्राथमिक विद्यालय नंदनपुर, हरिप्रसाद, प्रधानाध्यापक पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय गढ़िया तथा मयंक रावत, सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय नगला गंगी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से आयोजित शिक्षक दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी उपस्थित लोगों द्वारा देखा गया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Comments