गोरखपुर: सरयू नदी में दर्दनाक हादसा: सरयू नदी ने छीन ली दो मासूमो की जिंदगी, पल भर में उजड़ गए एक पिता के सपने
मेहड़ा मंदिर के पास स्नान के दौरान हुआ हादसा, युवक ने नदी में कूदकर दिखाई बहादुरी
रिपोर्टर/बृजनाथ तिवारी (ग़ोला तहसील )
गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र स्थित ग्राम मेहड़ा में रविवार सुबह सरयू नदी तट पर हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मेहड़ा मंदिर के पास स्नान करने गए तीन बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। हादसे में भाई-बहन समेत दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी को स्थानीय युवक की बहादुरी से बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब नौ बजे प्रिंस (11) पुत्र ओमकार, शिवानी (13) पुत्री ओमकार निवासी ग्राम उसरी थाना सिकरीगंज तथा माया (16) पुत्री विष्णु निवासी मेहड़ा, मेहड़ा मंदिर के पास सरयू नदी में स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान तीनों बच्चे नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए और तेज बहाव व अधिक गहराई के कारण डूबने लगे। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना स्थल पर नदी की गहराई करीब 40 फुट से अधिक बताई जा रही है।
बच्चों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही गांव के युवक चंद्रमाल यादव उर्फ चंदू मौके पर पहुंचे और बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। चंदू ने बताया कि पानी में उसे गुलाबी रंग का कपड़ा दिखाई दिया, जिसे पकड़कर बाहर निकाला गया तो वह माया थी। इसके बाद उसने दोबारा नदी में उतरकर प्रिंस को बाहर निकाला।

दोनों बच्चों को बाहर लाकर उनके पेट से पानी निकालने का प्रयास किया गया। माया की सांस चल रही थी, जबकि प्रिंस की हालत गंभीर थी। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं माया का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
उधर, तीसरी बच्ची शिवानी की तलाश लगातार जारी रही। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे बाद उसका शव नदी से बाहर निकाला गया। सीएचसी गोला में चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि प्रिंस और शिवानी अपनी मां विनिता के साथ एक सप्ताह पहले ननिहाल मेहड़ा आए थे। दोनों बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना पर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह और तहसीलदार सत्येंद्र कुमार मौर्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।


Comments