घर से लापता किशोरी का नाले में मिला शव, हत्या की आशंका
मीरजापुर।
संवाददाता प्रवीण तिवारी।
मीरजापुर ।पड़री थाना क्षेत्र के बसारी गांव में बीती रात एक 15 वर्षीय किशोरी का शव गांव से लगभग 200 मीटर दूर पूर्व दिशा में स्थित नाले में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में भारी भीड़ जुट गई, वहीं पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।
मृतका की पहचान बसारी गांव निवासी कविता (15) पुत्री मोहन बिंद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार कविता बुधवार रात करीब 10 बजे भोजन करने के बाद अपनी मां रीता देवी के साथ घर में सोई थी। परिजनों का कहना है कि देर रात लगभग 12 बजे के बाद वह अचानक घर से गायब हो गई। जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो किशोरी घर में नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

रविवार सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए बाहर जा रहे थे। इसी दौरान गांव से करीब 200 मीटर दूर पूर्व दिशा में स्थित नाले के पास एक शव दिखाई दिया। शव देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तत्काल पीआरबी पुलिस को दी गई।
किशोरी का शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह, उपजिलाधिकारी सदर महेंद्र सिंह,
नायब तहसीलदार अरविंद कुमार पांडेय सहित तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की तथा साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू कर दिया।
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।


Comments