अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर हमला , महिला सिपाही सहित नगर निगम के कर्मी घायल
हॉस्पिटल रोड में कार्रवाई के दौरान हंगामा, पुलिस बल की मौजूदगी में फिर चला अभियान
स्वतंत्र प्रभात | संवाददाता अतुल कुमार
बेतिया। नगर के हॉस्पिटल रोड में शनिवार को नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रशासनिक टीम द्वारा सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते हंगामा बढ़ गया। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की और हमले में महिला पुलिसकर्मी खुशबू कुमारी एवं नगर निगम कर्मी जूलूम साह घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जीएमसीएच भेजा गया।
नगर निगम की टीम हॉस्पिटल रोड से मित्रा चौक तक बुलडोजर के जरिए सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे और सीढ़ियों को हटाने में जुटी थी। अभियान के दौरान सांसद डॉ. संजय जायसवाल के आवास के बाहर बनी सीढ़ी को भी तोड़ा गया। इसी बीच कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रशासनिक टीम पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ अजीत कुमार, यातायात डीएसपी अतनु दत्ता समेत कई अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोबारा अभियान चलाकर सड़क को खाली कराया गया। प्रशासन ने हमले में शामिल लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर करते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही है।


Comments