Haryana Weather: हरियाणा में मौसम का मिजाज बदला, बारिश से बढ़ी ठंड
Haryana Weather: हरियाणा में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मंगलवार देर शाम हिसार, सिरसा और फतेहाबाद जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम में ठंडक बढ़ गई। बारिश का सबसे ज्यादा असर फतेहाबाद की अनाज मंडियों में देखने को मिला, जहां बारिश का पानी भर जाने से खुले में रखे सैकड़ों टन धान गीले हो गए।
सुबह और रात के समय अब हल्की ठंड महसूस की जा रही है। लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं और स्कूलों में भी विंटर यूनिफॉर्म पहनने के निर्देश अभिभावकों को भेज दिए गए हैं। गुरुग्राम की रात हरियाणा में सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिसार में तापमान 13.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हरियाणा में दिन का तापमान और गिरेगा। इससे आने वाले दिनों में लोगों को ठंड और ज्यादा महसूस होगी। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 4 नवंबर की रात से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि 6 नवंबर से 9 नवंबर तक राज्य का मौसम फिर से खुश्क रहेगा। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलेंगी। इन हवाओं के चलते दिन का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन रात का तापमान और नीचे जाएगा।
राज्य के कई जिलों में तापमान पहले से ही गिर चुका है। गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे ठंडा रहा। पंचकूला 13.7 डिग्री तापमान के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा हिसार, नारनौल, कैथल और पानीपत में तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। वहीं करनाल, महेंद्रगढ़, जींद, सोनीपत और फरीदाबाद में भी तापमान 16 डिग्री से कम दर्ज किया गया है।

Comment List